Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

संभल में हरिहर मंदिर पदयात्रा के दौरान बवाल, पुलिस से धक्का-मुक्की; 10 हजार लोगों को जुटाने का था ऐलान

Sambhal Harihar Mandir Padyatra: संभल में ऋषि राज गिरी महाराज के नेतृत्व में निकली हरिहर मंदिर पदयात्रा के दौरान पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की हुई. प्रशासन ने यात्रा की अनुमति नहीं दी थी. संभावित भीड़ को देखते हुए 19 मजिस्ट्रेट, पांच सीओ, सात थानों की पुलिस, पीएसी और आरआरएफ तैनात की गई थी.

Sambhal Harihar Mandir Padyatra

Sambhal Harihar Mandir Padyatra

Sambhal Harihar Mandir Padyatra: उत्तर प्रदेश के संभल में श्रीहरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. गुरुवार को हरिहर मंदिर तक निकाली गई सनातन पदयात्रा के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई. मां कैलादेवी धाम से महंत ऋषि राज गिरी महाराज के नेतृत्व में निकली इस यात्रा को रोकने की कोशिश के दौरान पुलिस और पदयात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. प्रशासन ने इस पदयात्रा की अनुमति नहीं दी थी. इसके बावजूद यात्रा निकाले जाने के ऐलान के बाद से ही पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. पदयात्रा में 10 हजार से अधिक लोगों को जुटाने की तैयारी थी। वहीं, 500 से 1,000 साधु-संतों से भी इसमें शामिल होने की अपील की गई थी.

ऋषि राज गिरी महाराज के नेतृत्व में निकली पदयात्रा

श्रीहरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद के बीच मां कैलादेवी धाम के महंत और याचिकाकर्ता ऋषि राज गिरी महाराज ने अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना के नेतृत्व में हरिहर मंदिर तक सनातन पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था. उन्होंने साधु-संतों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की थी. इसके लिए 500 से 1,000 साधु-संतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को जुटाने की तैयारी की गई थी. यात्रा में करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई थी. हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पदयात्रा की अनुमति नहीं दी थी. इसके बावजूद कैलादेवी धाम से यात्रा निकलने के दौरान पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की. इसी दौरान पुलिस और यात्रा में शामिल लोगों के बीच धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बन गई.

19 मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस फोर्स की तैनाती

पदयात्रा के ऐलान को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने प्रस्तावित पदयात्रा मार्ग और विवादित स्थल के आसपास 19 मजिस्ट्रेट तैनात किए थे. वहीं, पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए पांच सीओ और सात थानों की पुलिस फोर्स को जिम्मेदारी सौंपी थी. इसके अलावा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दो कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरआरएफ की तैनाती की गई थी. शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार गश्त और निगरानी कर रही थी. प्रशासन की कोशिश थी कि किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो.

विवादित स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा, CCTV से निगरानी

संभल कोतवाली क्षेत्र के कोट पूर्वी मोहल्ले में स्थित विवादित धार्मिक स्थल के आसपास तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है. सत्यव्रत चौकी पर स्थापित इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम के जरिए पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है. एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने स्पष्ट किया था कि पदयात्रा के लिए प्रशासन की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई है. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर है. आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

इंतजामिया कमेटी ने जताई थी आपत्ति

पदयात्रा के ऐलान के बाद शाही जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी की ओर से भी आपत्ति जताई गई थी. कमेटी के सदर जफर अली ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पदयात्रा की अनुमति नहीं देने की मांग की थी. उनका कहना था कि इस तरह की यात्रा से जिले का माहौल बिगड़ सकता है और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है.

2024 में सर्वे के दौरान हुई थी हिंसा

संभल में शाही जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर का विवाद नवंबर 2024 से चर्चा में है. 19 नवंबर 2024 को अदालत में दाखिल याचिका में शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा किए जाने के बाद परिसर का सर्वे कराया गया था. इसके बाद 24 नवंबर को सर्वे के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट गए और हिंसा भड़क गई थी। इस घटना के बाद सर्वे की प्रक्रिया रोक दी गई थी. मामला आगे चलकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा.
अब एक बार फिर पदयात्रा के ऐलान और उसके दौरान हुए हंगामे ने संभल की स्थिति को चर्चा में ला दिया है. पुराने विवाद और पहले हुई हिंसा को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है. फिलहाल शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism