Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पुराना किला में सजेगा दुनिया की सभ्यताओं का महामंच, पीएम मोदी कल करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी कल यानी 20 नवंबर को शाम करीब 5:30 बजे नई दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे.

pm-modi-shares-chanakya-niti-shloka-on-dharma-wealth-food-guru-teachings-and-medicine

पीएम मोदी कल यानी 20 नवंबर को शाम लगभग 5:30 बजे नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन करेंगे. इस अवसर पर प्रधानमंत्री वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे. 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय फोरम का मुख्य उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों की समृद्ध और आपस में जुड़ी सभ्यतागत विरासत का जश्न मनाना, लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना और अंतर-सांस्कृतिक संवाद व सहयोग को बढ़ावा देना है.

पीएम मोदी का प्रस्ताव साकार

इस महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रखे गए एक प्रस्ताव के बाद हुई है, जिसमें एससीओ ढांचे के तहत सभ्यतागत संवाद के लिए एक समर्पित मंच स्थापित करने की बात कही गई थी. बाद में संगठन के बिश्केक घोषणापत्र में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था.

‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की थीम

उद्घाटन समारोह में संगीत, नृत्य, विजुअल स्टोरीटेलिंग और नैरेशन के अनूठे संगम वाली एक सांस्कृतिक प्रस्तुति ‘सिविलिजेशन्स इन कन्वर्सेशन – कल्चरल शो’ पेश की जाएगी. ‘वसुधैव कुटुम्बकम – विश्व एक परिवार है’ की थीम पर आधारित यह प्रस्तुति भारत और व्यापक यूरेशियाई क्षेत्र के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करेगी.

ये भी पढ़ें: PUC सर्टिफिकेट के नियम बदले, जानिए आपकी कार या बाइक के लिए क्या है नया रूल?

इसके अलावा फोरम में ‘अस्तित्व – द एसेंस ऑफ अवर एक्जिस्टेंस’ शीर्षक के तहत भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी. यह प्रदर्शनी 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों, उत्खनन अवशेषों, कलाकृतियों और स्थापत्य अंशों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास का जीवंत अनुभव कराएगी. साथ ही, ‘महाभारत स्क्रॉल पवेलियन – अनंत: एक दुर्लभ 18वीं शताब्दी का महाभारत स्क्रॉल’ भी एक प्रमुख आकर्षण होगा, जो भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाता है.

साझा विरासत पर होंगे चार विषयगत सत्र

21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एससीओ क्षेत्र के विद्वान, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि एक साथ जुटेंगे. इन चर्चाओं में संगीत और प्रदर्शन कला, वस्त्र, व्यंजन और पारंपरिक खेलों सहित साझा सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपराओं के विभिन्न पहलुओं पर मंथन होगा. प्रतिभागी कला और वास्तुकला की साझा परंपराओं के साथ-साथ लिपियों और पांडुलिपियों सहित भाषा व साहित्यिक विरासत पर भी विचार-विमर्श करेंगे. इसके अलावा मठवासी मार्ग (मोनास्टिक ट्रेल्स) और दार्शनिक परंपराएं भी चर्चा का एक प्रमुख केंद्र रहेंगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism