Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भूलकर भी न खोले व्हाट्सऐप पर APK फाइल! ऐसे होती है ठगी, जामताड़ा से चल रहे रैकेट के 22 आरोपी गिरफ्तार

वेस्ट दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने जामताड़ा से जुड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने व्हाट्सऐप पर APK फाइल भेजकर 22,139 लोगों से 20 करोड़ रुपये से अधिक ठगे. छापेमारी में 63 फोन व अन्य गैजेट जब्त हुए हैं.

Delhi Police Arrests 22 Cyber Fraudsters In Jamtara Network Over Rs 20 Crore WhatsApp APK Scam

व्हाट्सऐप पर आने वाली एक अनजान APK फाइल कैसे आपका पूरा बैंक खाता साफ कर सकती है, इसका बड़ा खुलासा वेस्ट दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने किया है. पांच दिन चले विशेष अभियान में पुलिस ने 22 साइबर ठगों को दबोचा है, जिनका नेटवर्क झारखंड के जामताड़ा से संचालित होकर बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला था. जांच में सामने आया कि यह गिरोह देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगा चुका है.

बुजुर्गों और बैंक ग्राहकों को कैसे बनाते थे शिकार?

पुलिस के मुताबिक, ठग खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजते थे. खासतौर पर बुजुर्गों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने, KYC अपडेट करने, क्रेडिट कार्ड बनवाने या लिमिट बढ़ाने और बिजली-गैस बिल सुधारने का झांसा दिया जाता था.

काम आसान होने का भरोसा दिलाकर उन्हें APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता था. जैसे ही कोई व्यक्ति फाइल इंस्टॉल कर जरूरी अनुमतियां देता, ठगों के हाथ में उसके मैसेज, ओटीपी, कॉल, बैंकिंग डिटेल्स और गैलरी तक पहुंच आ जाती थी. इसके बाद खातों से पैसे उड़ाए जाते और क्विक-कॉमर्स ऐप्स, गिफ्ट कूपन, मोबाइल व चांदी के सिक्कों की खरीदारी में रकम खपाई जाती थी.

तीन स्तर का नेटवर्क

यह गिरोह तीन स्तरों पर काम करता था. पहले डेवलपर फर्जी APK पैनल बनाते, फिर डिस्ट्रीब्यूटर व सब-डिस्ट्रीब्यूटर किराये पर आईडी-पासवर्ड लेकर फाइलें तैयार करते. इसके बाद आखिर में ठग इन्हें लोगों तक भेजते थे. 11 से 15 नवंबर के बीच 64 पुलिसकर्मियों की सात टीमों ने जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, नवादा, जमुई, आसनसोल, कोलकाता और गोरखपुर में 17 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी कर 63 फोन, लैपटॉप, मैकबुक और टैबलेट जब्त किए.

पुलिस की इस कार्रवाई का असर भी दिखने लगा है. 2 से 10 नवंबर के बीच जहां APK ठगी की 1,406 शिकायतें आई थीं, वहीं 11 से 17 नवंबर के बीच यह घटकर 724 रह गईं.

यह भी पढ़ें: जल बिन कुंभ स्नान कैसे संभव? उज्जैन में अवैध मजारों पर एक्शन के बीच उठा सवाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism