लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सोने की खरीदारी को लेकर देशवासियों से खास अपील की. उन्होंने कहा कि एक साल पहले उनके आग्रह पर देशवासियों ने सोना कम खरीदा, जिससे न सिर्फ सोने के दाम गिरे बल्कि देश और लोगों का पैसा भी बचा. लाल बहादुर शास्त्री के एक समय का भोजन छोड़ने के आह्वान की याद दिलाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भी देशवासियों का चरित्र वैसा ही है और उन्होंने लोगों से अगले एक और साल तक बहुत जरूरी न होने पर सोना न खरीदने की अपील की.
IIT जितना ही सम्मान पाएंगे ITI के छात्र
बंगाल में आईआईटी (IIT) के कार्यक्रम के बाद सीधे लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लिए IIT और ITI दोनों के छात्र देश की असली संपत्ति हैं. एआई (AI) के दौर में रोजगार जाने की आशंकाओं को खारिज करते हुए उन्होंने साफ कहा कि जिसके पास असली हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता.
पीएम मोदी ने लखनऊ की चिकनकारी का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे आक्रांताओं और अंग्रेजों ने भारत के पारंपरिक कौशल को चोट पहुंचाई, लेकिन आज 2014 के बाद बने 5,000 नए आईटीआई भारत को दुनिया का ‘स्किल कैपिटल’ बना रहे हैं. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 2027 में वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगी.
सीएम योगी ने गिनाईं यूपी की उपलब्धियां
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले यूपी में सूरज ढलने के बाद बेटियों का बाहर निकलना मुश्किल था, लेकिन सीएम योगी के नेतृत्व में सुरक्षा का भरोसा लौटा है. उन्होंने बीते 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने को भी ऐतिहासिक बताया.
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी सबसे युवा प्रदेश है, जहां 17 लाख से ज्यादा युवा प्रशिक्षित हुए हैं और 7 लाख से अधिक युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 50 हजार से ज्यादा स्किल्ड युवाओं को नौकरी मिली, जिनमें तीन हजार से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: कौन है उज्जैन की ‘मिस्ट्री वुमन’? पहले दो बच्चों को छोड़ा, फिर तीसरे को प्लेटफॉर्म में रख हुई ओझल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




