गोंडा के प्रिंस का क्रिकेट खेलने का सपना होगा पूरा! CM योगी ने दिया मदद का भरोसा (इमेज-BHarat Express)
Yogi Adityanath: लखनऊ में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक अलग भूमिका में नजर आए. इस दौरान गोंडा से आया कक्षा-8 का छात्र प्रिंस उनके पास क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक मदद और कोचिंग की गुहार लेकर पहुंचा. मुख्यमंत्री ने उसकी पूरी बात सुनी और करीब 4-5 मिनट तक उसके पास खड़े होकर काउंसलिंग की.
उन्होंने छात्र से कहा,
बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो. हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे.
खूब खेलो…लेकिन पढ़ाई-लिखाई भी जरूरी
गोंडा जिले के इटियाथोक स्थित पड़री पारासराय गांव का रहने वाला प्रिंस साहू कक्षा-8 में पढ़ता है. उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपना नाम कमाना चाहता है. लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके सामने फीस भरने और क्रिकेट किट खरीदने की परेशानी है.
सोमवार को वह इसी उम्मीद के साथ मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचा था. मुख्यमंत्री ने जब उससे आने की वजह पूछी तो प्रिंस ने अपनी परेशानी बताई. उसकी बात सुनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने उसे समझाया कि अभी वह कक्षा-8 में है. खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देना जरूरी है.

मुख्यमंत्री ने प्रिंस से कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करे और अच्छे नंबरों से इस सत्र में पास हो. इसके बाद सरकार उसकी क्रिकेट कोचिंग में एडमिशन कराने में मदद करेगी.
जनता दर्शन में हर फरियादी से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे हर फरियादी तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और एक-एक कर प्रार्थना पत्र लिए. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता के साथ तय समय में किया जाए. साथ ही समाधान ऐसा हो, जिससे शिकायत करने वाला व्यक्ति भी संतुष्ट हो.

इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं आने देंगे
जनता दर्शन में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों का एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
ये भी पढ़ें- ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है?’ संन्यासी बन घर पहुंचे बेटे को देख छलक पड़ी थीं मां, सीएम योगी का इमोशनल किस्सा
इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली समेत दूसरे विभागों से जुड़ी शिकायतों को भी मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों के पास भेजा और जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए. उन्होंने फरियादियों से कहा कि वे चिंता न करें, सरकार उनकी समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई कराएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





