Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सुप्रीम कोर्ट में शिखर अग्रवाल की SLP; राजस्थान सरकार ने पहले ही कैविएट दायर

राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल ने 64 विला खरीद प्रकरण में राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में SLP दायर की है. राज्य सरकार ने कैविएट दाखिल की है.

IAS Shikhar Agrawal Supreme Court SLP

राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी शिखर अग्रवाल ने 64 विला खरीद प्रकरण और पद के दुरुपयोग से जुड़े मामले में राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत न मिलने और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद उन्होंने शीर्ष अदालत में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है.

दूसरी ओर, शिखर अग्रवाल के सुप्रीम कोर्ट पहुंचने से पहले ही राजस्थान सरकार ने अदालत में कैविएट (Caveat) दायर कर दी है. राज्य सरकार ने अपनी कैविएट याचिका में आग्रह किया है कि यदि शिखर अग्रवाल इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का रुख करते हैं, तो राज्य सरकार का पक्ष और दलीलें सुने बिना कोई एकतरफा आदेश या फैसला न दिया जाए.

राजस्थान हाईकोर्ट का पिछला रुख

राजस्थान हाईकोर्ट ने अपने पिछले आदेश में स्पष्ट कर दिया था कि एसीबी (ACB) द्वारा की जा रही मौजूदा जांच पर कोई रोक नहीं लगाई जाएगी और जांच जारी रहेगी. हालांकि, हाईकोर्ट ने यह जरूर कहा था कि यदि याचिकाकर्ता को अपनी गिरफ्तारी की आशंका है, तो वे चाहें तो कानून के तहत अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) याचिका दायर कर सकते हैं.

क्या है 64 विला खरीद का मामला?

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल पर तीन साल के भीतर एक ही निजी कंपनी से 64 विला खरीदने और अपने पद का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप है. एसीबी ने इस संबंध में गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाली निजी रिसॉर्ट कंपनी ‘अनंता रिसॉर्ट्स’ (Ananta Resorts) से 64 विला और कॉटेज खरीदने के मामले में एफआईआर दर्ज कर रखी है.

आरोप है कि शिखर अग्रवाल, उनकी पत्नी एवं भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी प्रशाखा माथुर तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने इन संपत्तियों को करीब 6.17 करोड़ रुपए में खरीदा था. इसके बाद, इन्हीं विला और कॉटेज को वापस विक्रेता कंपनी को ही लगभग 1.80 करोड़ रुपए सालाना किराए पर दे दिया गया.

ये भी पढ़ें: SASTRA यूनिवर्सिटी जमीन विवाद; सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को नोटिस जारी कर मांगा जवाब

धारा 17A को दी गई चुनौती

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17A के तहत किसी लोक सेवक के आधिकारिक कामकाज से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की जांच शुरू करने से पहले सक्षम प्राधिकारी की पूर्व मंजूरी (Prior Approval) लेना अनिवार्य होता है. शिखर अग्रवाल ने एसीबी की प्रारंभिक जांच और राज्य सरकार द्वारा दी गई जांच की मंजूरी दोनों को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जहां से राहत न मिलने पर अब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism