उत्तर प्रदेश के इटावा की रहने वाली और सुप्रीम कोर्ट की चर्चित अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी मेंबर नियुक्त किया गया है. इस नई जिम्मेदारी के मिलने के बाद सीमा समृद्धि कुशवाहा ने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का तहेदिल से आभार जताया. उन्होंने कहा कि इटावा के एक छोटे से गांव से निकलकर पार्टी में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाली बेटी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह देकर संगठन ने बड़ा सम्मान दिया है.
पीएम मोदी, अमित शाह और अमर पाल मौर्य को दिया धन्यवाद
सीमा समृद्धि कुशवाहा ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा राज्य इकाई के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया.
इसके साथ ही उन्होंने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पाल मौर्य के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपकर न केवल इटावा बल्कि देश की आधी आबादी यानी महिलाओं का भी मान-सम्मान बढ़ाया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी.
‘जातिगत दायरे से ऊपर उठकर हर वर्ग के लिए करूंगी काम’
अपने सामाजिक दृष्टिकोण पर बात करते हुए सीमा ने कहा कि वे बचपन से लेकर आज तक कभी किसी जातिगत दायरे में बंधकर नहीं रहीं. उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई से लेकर सफर के दौरान अनजान लोगों के साथ भोजन साझा करने तक, उन्हें हमेशा हर जाति, धर्म और वर्ग का प्यार व समर्थन मिला है.
सीमा समृद्धि कुशवाहा ने भावुक अंदाज में कहा कि उनके लिए हर घर की माता-बहन अपनी मां-बहन है और हर बच्चा अपना बच्चा है. पूरा इटावा और देश उन्हें बेटी की तरह स्नेह देता है, इसलिए वे जाति की राजनीति से ऊपर उठकर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं.
यह भी पढ़ें: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जन्मदिन पर पीएम मोदी और अमित शाह ने दी बधाई, संविधान की समझ को लेकर की सराहना
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





