Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

2 फीट की भैंस ने पुष्कर मेले में मचाया तहलका! नाम है पिंकी, कीमत 1 करोड़ रुपये तक की चर्चा, जानिए क्या है इसकी खासियत

Pushkar Mela 2026: पुष्कर अंतरराष्ट्रीय मेले के आखिरी दिन महाराष्ट्र से आई महज 2 फीट ऊंची भैंस पिंकी आकर्षण का केंद्र बन गई. करीब 5 साल की पिंकी की कीमत सोशल मीडिया पर 20 लाख से 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है, हालांकि मालिक ने असली कीमत नहीं बताई.

2 Feet Buffalo Pinky Pushkar Mela 2026

2 Feet Buffalo Pinky Pushkar Mela 2026

Pushkar Mela 2026: राजस्थान का पुष्कर मेला हमेशा से ही अपने अनोखे पशुओं, महंगे मवेशियों और दिलचस्प नजारों के लिए मशहूर रहा है. यहां हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपने खास पशुओं को लेकर पहुंचते हैं. लेकिन पुष्कर अंतरराष्ट्रीय मेले 2026 के आखिरी दिन एक ऐसी भैंस ने लोगों का ध्यान खींच लिया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. इस भैंस का नाम ‘पिंकी’ है और इसकी ऊंचाई महज 2 फीट बताई जा रही है. करीब 5 साल की पिंकी अपनी छोटी कद-काठी की वजह से मेले में किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं रही. सबसे दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर इसकी कीमत 20 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है.

2 फीट की भैंस को देखने उमड़ी लोगों की भीड़

पिंकी को महाराष्ट्र के ठाणे से उसके मालिक सोहेल शकील पुष्कर मेले में लेकर पहुंचे थे. इसके लिए उन्होंने करीब 1100 किलोमीटर का लंबा सफर तय किया. आमतौर पर भैंसों की ऊंचाई काफी ज्यादा होती है, लेकिन पिंकी की छोटी कद-काठी उसे दूसरी भैंसों से बिल्कुल अलग बनाती है. मेले में जैसे ही लोगों की नजर इस नन्ही भैंस पर पड़ी, हर कोई उसे देखने के लिए उत्सुक हो गया. कई लोग उसके साथ तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए. अपनी अनोखी बनावट के चलते पिंकी ने मेले के आखिरी दिन खूब सुर्खियां बटोरीं.

कीमत 1 करोड़ रुपये तक, लेकिन मालिक ने नहीं बताया असली दाम

पिंकी का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर @rajendra\_phagi नाम के हैंडल से शेयर किया गया है. वीडियो में इस नन्ही भैंस की कीमत 20 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. हालांकि, उसके मालिक सोहेल शकील ने इसकी वास्तविक कीमत का खुलासा नहीं किया है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर पिंकी की कीमत को लेकर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग इसकी अनोखी कद-काठी को बेहद खास बता रहे हैं, तो कुछ यूजर्स करोड़ों रुपये की कीमत पर सवाल उठा रहे हैं. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘मेले में एक करोड़ को एक हजार बोलते हैं.’

मां भी थी छोटी कद-काठी की, प्राकृतिक है पिंकी का आकार

पिंकी की सबसे खास बात यह है कि उसकी छोटी कद-काठी किसी खास नस्ल या कृत्रिम तरीके का नतीजा नहीं बताई जा रही है. उसके मालिक के मुताबिक, पिंकी की मां की ऊंचाई भी महज 3 फीट थी और वह करीब 2 लीटर दूध देती थी. यानी पिंकी की यह खासियत प्राकृतिक है.

क्या पिंकी है दुनिया की सबसे छोटी भैंस?

पिंकी के मालिक ने इसे दुनिया की सबसे छोटी भैंस होने का दावा किया है, लेकिन इस दावे की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. वहीं, महाराष्ट्र के सतारा जिले के मलवड़ी गांव में रहने वाली ‘राधा’ भैंस के नाम दुनिया की सबसे छोटी पालतू भैंस का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. किसान त्रियंबक बोराटे और उनके बेटे अनिकेत बोराटे के फार्म में रहने वाली राधा की ऊंचाई 2 फीट 8 इंच है. 19 जून 2022 को जन्मी राधा मुर्रा नस्ल की भैंस है. साल 2024 में एक पशु प्रदर्शनी में इसकी कीमत 3 लाख रुपये लगाई गई थी.

फिलहाल पुष्कर मेले की पिंकी अपनी अनोखी कद-काठी और करोड़ों की कीमत की चर्चाओं के चलते इंटरनेट पर छाई हुई है. छोटी सी भैंस ने यह साबित कर दिया कि कभी-कभी मेले में सबसे बड़ा आकर्षण आकार में सबसे छोटा भी हो सकता है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism