ai generated image
Bihar Tower Theft: दुनिया भर के वैज्ञानिक और इंजीनियर मिलकर बड़ी-बड़ी इमारतें और टॉवर खड़ा करने की तकनीक खोजते हैं, लेकिन बिहार के चोरों ने ‘बिना आवाज किए’ 132 फीट ऊंचे लोहे के पहाड़ को गायब करने की एक ऐसी स्वदेशी तकनीक ईजाद कर ली है कि नासा (NASA) वाले भी रिसर्च करने बक्सर आ जाएं.
जी हां, बिहार के बक्सर जिले से चोरी का एक ऐसा ‘ऐतिहासिक और अजूबा’ मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस से लेकर आम जनता तक, सब अपना सिर खुजलाने पर मजबूर हो गए हैं. चोरों ने किसी छोटी-मोटी दुकान या घर को निशाना बनाने के बजाय डुमरांव नगर थाना क्षेत्र से पूरा का पूरा मोबाइल टॉवर ही पार कर दिया है.
चोरों ने कई दिनों तक चलाई ‘इंजीनियरिंग क्लास’
इस मामले (Bihar Mobile Tower Theft) की सबसे मजेदार और पेट दुखाने वाली बात यह है कि यह 132 फीट ऊंचा विशालकाय ढांचा किसी सुनसान जंगल में नहीं बल्कि बक्सर के एक घने रिहायशी इलाके में लगा था. चोरों के हौसले और उनकी ‘कार्यकुशलता’ की दाद देनी पड़ेगी कि वे कई दिनों तक आराम से धूप-छांव देखकर टॉवर का एक-एक नट-बोल्ट खोलते रहे, उसके भारी-भरकम लोहे के पार्ट्स, कीमती केबल, एंटीना और भारी जनरेटर सेट को ट्रकों में लादकर चलते बने, लेकिन मजाल है कि मोहल्ले के किसी भी ‘खिड़की से झांकने वाले’ चाचा या चाची को इसकी भनक भी लगी हो.
कंपनी वाले पहुंचे नेटवर्क सुधारने(Buxar Mobile Tower Theft)
यह अद्भुत कांड तब दुनिया के सामने आया जब GTL कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर्स कई सालों से बंद पड़े इस टॉवर की मरम्मत और जांच-पड़ताल करने के लिए मौके पर पहुंचे. जब अधिकारियों ने तय पते पर जाकर आसमान की तरफ देखा, तो उन्हें वहां टॉवर के बजाय सिर्फ खाली नीला आसमान दिखाई दिया.
जमीन पर न तो कोई जनरेटर था और न ही कोई केबल. चोरों ने ऐसा ‘सफाचट’ हाथ मारा था कि वहां एक कील भी नहीं बची थी. कंपनी के अधिकारियों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत भागकर थाने में इस ‘महा-चोरी’ की रिपोर्ट दर्ज कराई.
ये भी पढ़ें- Gold Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, निवेशकों की बढ़ी चिंता; आज धड़ाम हुए रेट
सीसीटीवी में चोरों का ‘नेटवर्क’ ढूंढ रही पुलिस
इस पूरी कहानी (Buxar Mobile Tower Theft) का सबसे बड़ा व्यंग्य यह है कि जिस जगह से यह 132 फीट का टॉवर चोरी हुआ, वहां से डुमरांव नगर थाना बिल्कुल वॉकिंग डिस्टेंस (चंद कदमों की दूरी) पर है. अब बक्सर पुलिस इस बात को लेकर हैरान-परेशान है कि आखिर इतना बड़ा ढांचा बिना किसी क्रेन या शोर-शराबे के गायब कैसे हो गया? पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है.
इधर, स्थानीय लोग डरे हुए हैं कि भाई, जो चोर रात के सन्नाटे में थाने के बगल से 132 फीट का टॉवर उखाड़ ले गए, उनके लिए हमारे घर की कुंडी खोलना तो बाएं हाथ का खेल है! बहरहाल, यह अनोखा कांड अब सोशल मीडिया पर ‘बिहार का आठवां अजूबा’ बनकर ट्रेंड कर रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

