Bharat Express DD Free Dish

हैदराबाद में उल्टी दुनिया का घर, अंदर जाते ही चकरा जाएगा दिमाग

हैदराबाद में बना एक अनोखा अपसाइड डाउन हाउस लोगों को हैरानी में डाल रहा है. यहां छत जमीन पर और फर्श आसमान की ओर नजर आता है, जबकि अंदर रखा हर सामान उल्टा दिखाई देता है, जिससे जबरदस्त ऑप्टिकल इल्यूजन बनता है.

Hyderabad upside down house

अगर कोई आपसे कहे कि एक ऐसा घर है, जहां पंखा नीचे रखा है, सोफा छत से लटक रहा है और लोग फर्श पर नहीं बल्कि “छत पर चलते” नजर आते हैं, तो आपकी पहली प्रतिक्रिया यही होगी कि ये मजाक है. लेकिन हैदराबाद में यह मजाक नहीं, बल्कि हकीकत है. नवाबों के इस शहर में एक इंजीनियर ने अपनी कल्पना और तकनीकी समझ का ऐसा अनोखा मेल पेश किया है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है.

यह घर हैदराबाद का Upside Down House है, जो इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर आम पर्यटकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है. यहां आने वाला हर शख्स एक पल के लिए जरूर सोचने पर मजबूर हो जाता है कि आखिर ऊपर क्या है और नीचे क्या.

Gravity भी हो जाए कन्फ्यूज

इस अपसाइड डाउन हाउस की सबसे खास बात यही है कि यहां सब कुछ उल्टा दिखाई देता है. घर की छत जमीन पर बनी हुई है और फर्श आसमान की ओर नजर आता है. जैसे ही आप अंदर कदम रखते हैं, दिमाग को कुछ सेकंड लगते हैं यह समझने में कि असल में हो क्या रहा है.

किचन हो, बेडरूम हो या ड्रॉइंग रूम, हर चीज उलटी है. पंखे फर्श पर लगे हैं, बेड छत से लटके हुए हैं और टेबल-कुर्सियां ऊपर की ओर चिपकी हुई दिखाई देती हैं. यह पूरा सेटअप एक जबरदस्त ऑप्टिकल इल्यूजन पैदा करता है, जिससे लगता है मानो आप खुद उल्टी दुनिया में पहुंच गए हों.

इंटीरियर देख कर रुक जाती है सांस

घर का इंटीरियर इसकी बाहरी बनावट से भी ज्यादा हैरतअंगेज है. यहां रखा हर छोटा-बड़ा सामान इस तरह फिट किया गया है कि देखने वाले को लगे वह हवा में लटका हुआ है. लोग जैसे ही तस्वीरें क्लिक कराते हैं, फोटो में ऐसा लगता है मानो वे छत पर खड़े हैं या हवा में तैर रहे हैं.

इसी वजह से यह जगह खासकर युवाओं, फैमिली विजिटर्स और सोशल मीडिया रील बनाने वालों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इंस्टाग्राम और रील्स के दौर में यह घर कंटेंट क्रिएटर्स के लिए किसी खजाने से कम नहीं है.

एक घंटे का सेशन

यह अनोखा अनुभव 60 मिनट के सेशन में दिया जाता है, जिसमें लोग आराम से घर को एक्सप्लोर कर सकते हैं, तस्वीरें ले सकते हैं और वीडियो बना सकते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग यहां आकर खुद को किसी जादुई दुनिया में महसूस करते हैं.

इस अपसाइड डाउन हाउस के लिए टिकट ऑनलाइन बुक किए जा सकते हैं. टिकट की कीमत आम तौर पर 200 से 350 रुपये के बीच होती है. यह जगह हैदराबाद के कोथापेट इलाके में स्नो वर्ल्ड के अंदर स्थित है, जो शहर के बीचों-बीच होने की वजह से आसानी से पहुंची जा सकती है.

ये भी पढ़ें: लॉस एंजेलिस में बिहारी ‘Chaiguy’ बना वायरल स्टार, ₹780 चाय और ₹1512 पोहा से सब हैरान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read