Nawada Wedding Fight: कहते हैं कि शादियों में छोटी-मोटी नोकझोंक तो आम बात है, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि एक रसगुल्ले की वजह से बात इतनी बढ़ जाए कि लोग अस्पताल पहुंच जाएं? ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला जिले के एक नामी होटल से सामने आया है, जहाँ शादी समारोह के दौरान रसगुल्ले के चक्कर में जमकर मारपीट हुई. इस हंगामे में चार लोग घायल हो गए हैं.
मामूली बहस और फिर खूनी संघर्ष
पूरी घटना बारात के स्वागत से ठीक पहले की है. होटल में मेहमानों के लिए नाश्ते और खाने का इंतजाम था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास-पास बैठे दो लोगों के बीच अचानक रसगुल्ले को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह मामूली बहस गाली-गलौज और फिर लात-घूंसों में बदल गई. झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के अन्य लोग भी इसमें कूद पड़े.
शादी वाले घर में जहां मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. रसगुल्ले की प्लेट छोड़कर लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां और बर्तन चलाने लगे. इस खूनी संघर्ष में चार लोगों को काफी चोटें आईं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.
शराब का नशा और ‘वकील’ होने की धौंस
घटना के बाद एक घायल शख्स ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि उसके बगल में बैठा व्यक्ति नशे में धुत था. विवाद सिर्फ रसगुल्ले से शुरू नहीं हुआ था, बल्कि वह व्यक्ति खुद को ‘वकील’ बताकर धौंस झाड़ रहा था. इसी बात पर बहस छिड़ी और देखते ही देखते होटल का माहौल जंग के मैदान जैसा हो गया. पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे मेहमान एक-दूसरे पर टूट पड़े थे.
ये भी पढ़ें- भागलपुर NH-31 पर बस बनी काल! तेज रफ्तार ने ई-रिक्शा और पिकअप वैन को रौंदा; 4 की मौत,11 घायल
लड़की पक्ष ने संभाली कमान
गनीमत यह रही कि यह सब बारात आने से पहले हुआ. जब झगड़ा आउट ऑफ कंट्रोल होने लगा, तो लड़की पक्ष के लोग आगे आए. रोहित कुमार और अन्य परिजनों ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. गनीमत रही कि बारात आने तक मामला निपट चुका था, जिससे शादी की रस्मों में कोई बड़ी बाधा नहीं आई.
दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी मारपीट होने और अस्पताल जाने के बावजूद, किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है. दोनों गुटों ने आपसी सहमति से मामले को रफा-दफा करना ही बेहतर समझा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




