लंदन, कल्पेश शाह
भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ब्रिटेन की राजधानी लंदन में एक महत्वपूर्ण आयोजन देखने को मिला. लंदन के ऐतिहासिक पार्लियामेंट स्क्वायर (Parliament Square) से कार्डिफ तक ‘मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता वॉक’ (Mental Health Awareness Walk) की औपचारिक शुरुआत हुई.
इस अभियान की अगुवाई माइंडफुलनेस कोच और मेंटल हेल्थ एडवोकेट भूपिंदर संधू कर रहे हैं. इस वॉक का मुख्य उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर फैले संकोच को दूर करना और लोगों को तनाव, चिंता व भावनात्मक परेशानियों पर खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित करना है.
कारोबारी दिग्गजों और युवाओं की दिखी भागीदारी
इस जागरूकता वॉक में भारत एक्सप्रेस के इंटरनेशनल कॉरेस्पोंडेंट और लंदन ब्यूरो चीफ कल्पेश शाह ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की.
अभियान में इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम (IEBF) के चेयरमैन विजय गोयल, फाइनेंस एंटरप्रेन्योर विवेक दवे, बिजनेस लीडर्स, कम्युनिटी मेंबर्स, परिवारों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया. कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि इसमें 11 साल के बच्चों से लेकर 60 साल के बुजुर्गों तक ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
‘मानसिक स्वास्थ्य पर बात करना भी एक आजादी’
भारत की आजादी के जश्न के साथ शुरू हुई यह यात्रा एक गहरा और सार्थक संदेश देती है कि जिस तरह शारीरिक स्वास्थ्य जरूरी है, ठीक उसी तरह मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बिना किसी झिझक के खुलकर बात करना भी खुद को तनाव से आजाद करने का एक जरिया है. पार्लियामेंट स्क्वायर से शुरू हुई यह पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से होकर कार्डिफ पहुंचेगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
