टेस्ला के सीईओ और दुनिया के सबसे चर्चित उद्यमियों में शामिल Elon Musk ने दौलत के मामले में एक नया इतिहास रच दिया है. उनकी कुल संपत्ति 700 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिससे वे इतनी अधिक नेटवर्थ हासिल करने वाले दुनिया के पहले इंसान बन गए हैं.
कोर्ट के फैसले ने सब बदला
दरअसल, एलन मस्क की नेटवर्थ (Elon Musk Net Worth) में यह ऐतिहासिक बढ़ोतरी डेलावेयर सुप्रीम कोर्ट के एक अहम फैसले के बाद हुई. कोर्ट ने टेस्ला से जुड़े उनके 2018 के पे-पैकेज को बहाल करने का आदेश दिया, जिसे पहले निचली अदालत ने रद्द कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि उस समय दिया गया पे-पैकेज नियमों के अनुरूप था और इसे रद्द करना मस्क के साथ अन्याय था. इस फैसले के बाद टेस्ला के स्टॉक ऑप्शंस दोबारा एक्टिव हो गए, जिसका सीधा असर उनकी संपत्ति पड़ा.
700 अरब डॉलर का आंकड़ा पार
फोर्ब्स बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार, कोर्ट के फैसले के बाद Elon Musk की नेटवर्थ बढ़कर करीब 749 अरब डॉलर तक पहुंच गई. इसके साथ ही उन्होंने 700 अरब डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया.
रिपोर्ट्स के अनुसार उनका 2018 का सैलरी पैकेज करीब 56 अरब डॉलर का था, जिसे डेलावेयर सुप्रीम कोर्ट ने बहाल करने का आदेश दिया. सिर्फ यही नहीं, टेस्ला के शेयरों में मजबूती और इन्वेस्टर्स के भरोसे ने भी उनके इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई है.
कैसे बढ़ी नेटवर्थ?
बीते कुछ दिनों से एलन मस्क की संपत्ति लगातार बढ़ रही थी. हाल ही में उनकी एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स के संभावित आईपीओ को लेकर चर्चाएं तेज हुई, जिसके चलते उनकी नेटवर्थ पहली बार 600 अरब डॉलर के पार पहुंच गई थी. इसके बाद टेस्ला के शेयरहोल्डर्स ने मस्क के लिए एक बड़े पे-पैकेज को मंजूरी दी, जिससे उनकी संपत्ति और तेजी से बढ़ी.
सभी अमीरों को छोड़ा पीछे
एलन मस्क की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद दुनिया के अन्य अमीर लोग उनसे काफी पीछे छूट गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति से करीब 500 अरब डॉलर अधिक संपत्ति के मालिक हैं. टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और स्पेस सेक्टर में उनकी कंपनियों की बढ़ती वैल्यू ने उन्हें दौलत के शिखर पर पहुंचा दिया है और आने वाले समय में भी उनकी अमीरी में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें:
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



