Bharat Express DD Free Dish

‘भारत से, दुनिया के लिए’: Uber और Adani Group रचेंगे इतिहास; अहमदाबाद में बनेगा कंपनी का पहला भारतीय डेटा सेंटर

Uber और Adani Group ने भारत में पहला Uber Data Center बनाने के लिए बड़ी साझेदारी की घोषणा की है. अहमदाबाद में बनने वाला यह AI-Ready सेंटर भारत को ग्लोबल टेक और डेटा हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है…

Uber Adani Data Center: वैश्विक राइड-हेलिंग दिग्गज ‘उबर’ (Uber) ने भारत में अपने पैर और मजबूती से जमाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. बता दें कि अडानी ग्रुप के साथ हाथ मिलाते हुए उबर भारत में अपना पहला डेटा सेंटर शुरू करने जा रहा है. उबर के CEO दारा खोसरोशाही और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के बीच हुई मुलाकात के बाद इस मेगा-पार्टनरशिप का ऐलान किया गया. यह डेटा सेंटर न केवल उबर के भारतीय ऑपरेशंस को गति देगा बल्कि यहां विकसित होने वाली टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल दुनिया भर के बाजारों में किया जाएगा.

इनोवेशन का नया केंद्र बनेगा अहमदाबाद(Uber Adani Data Center)

उबर के CEO दारा खोसरोशाही ने इस साझेदारी को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि भारत अब कंपनी के लिए एक ‘लीडिंग इनोवेशन हब’ बन चुका है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि अडानी ग्रुप के साथ मिलकर बनाया जा रहा यह डेटा सेंटर उबर की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी को टेस्ट करने और उसे बड़े पैमाने पर लागू करने का मुख्य आधार बनेगा. इस साल के अंत तक इसके तैयार होने की उम्मीद है, जो ‘मेड इन इंडिया’ विजन को ग्लोबल मोबिलिटी सेक्टर में नई पहचान दिलाएगा.

 

अडानी ग्रुप का डिजिटल साम्राज्य

बताते चलें अडानी ग्रुप के लिए यह साझेदारी उनके डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार का एक और बड़ा पड़ाव है. हाल ही में अडानी ग्रुप ने विशाखापत्तनम में 1 GW AI-रेडी डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म के लिए करीब $10 बिलियन (लगभग 83,000 करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की थी. अडानी ग्रुप का लक्ष्य भारत को दुनिया का ‘डेटा वेयरहाउस’ बनाना है, जहाँ न केवल डेटा स्टोर होगा बल्कि AI और क्लाउड कंप्यूटिंग के जरिए भविष्य की समस्याओं का समाधान भी निकलेगा.

‘Uber’ के लिए क्यों जरूरी है इंडिया?

भारत अब उबर के लिए सिर्फ टैक्सी बुकिंग का जरिया नहीं रह गया है. कंपनी के लिए इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और सॉफ्टवेयर इनोवेशन के मामले में भारत दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है. अपना खुद का डेटा सेंटर होने से उबर को भारतीय डेटा को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रखने और प्रोसेसिंग स्पीड को बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे ग्राहकों को और भी तेज और सटीक सेवाएं मिल सकेंगी.

ये भी पढ़ें-कोलकाता पुलिस की बड़ी सफलता: माओवादी नेता श्रद्धा विश्वास गिरफ्तार, वरिष्ठ सदस्य ने किया आत्मसमर्पण

AI और डेटा की रेस में भारत की बढ़त

AdaniConneX (अडानी ग्रुप और EdgeConneX का जॉइंट वेंचर) के जरिए भारत में स्केलेबल और AI-रेडी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है. उबर जैसी ग्लोबल कंपनी का अडानी के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भरोसा करना यह साबित करता है कि भारतीय डेटा सेंटर अब अंतरराष्ट्रीय मानकों को टक्कर दे रहे हैं. यह प्रोजेक्ट भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति के अगले चरण के लिए एक मजबूत नींव का काम करेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read