Geeta Kumari death case
Geeta Kumari death case: बाढ़ अनुमंडल के बटेरिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान गीता कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि गीता को अपने मायके वालों से फोन पर बात करने से रोका जाता था और दहेज में मिले सामान को लेकर भी उसे लगातार ताने दिए जाते थे.
मायके फोन करने से करते थे मना
जानकारी के अनुसार, गीता कुमारी की शादी 23 नवंबर को बटेरिया गांव निवासी विक्की के साथ हुई थी. गीता का मायका अंदोली गांव में है, विक्की बाहर रहकर काम करता है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था. मृतका के भाई पिंटू कुमार ने बताया कि शादी के बाद से ही गीता को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसे बार-बार मायके में फोन करने से मना करते थे. साथ ही दहेज में मिले सामान को लेकर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था.
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने गीता की फांसी लगाकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलने पर गीता के परिजन ससुराल पहुंचे, जहां उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. मृतका के रिश्तेदारों ने भी ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गीता अक्सर फोन पर अपनी परेशानियों के बारे में बताती थी और मानसिक रूप से परेशान रहती थी. रिश्तेदारों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
दोपहर में गीता की मौत की सूचना उसके मायके पक्ष को दी गई. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

