Bharat Express DD Free Dish

बच्चों की फोटो खींचकर WhatsApp पर करते थे सौदा! UP पुलिस ने दबोचे 7 तस्कर, 3 माह का मासूम सकुशल बरामद

GHAZIABAD INFANT TRAFFICKING GANG BUSTED: गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ पुलिस ने नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया है और अगवा किए गए 3 महीने के मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा है.

Ghaziabad Infant Trafficking Gang Busted
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश / 12 अगस्त 2026 / रिपोर्ट: सोनू खान)

अगर आपके घर में छोटा बच्चा या नवजात शिशु है तो बेहद सतर्क रहने की जरूरत है. गाजियाबाद की थाना टीला मोड़ पुलिस ने नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सबसे गनीमत की बात यह रही कि गिरोह के चंगुल से 3 महीने के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है.

3 महीने के मासूम अल्तमश के अपहरण से खुला राज

मामले की शुरुआत 11 अगस्त को हुई, जब फरुकान नामक व्यक्ति ने थाना टीला मोड़ में शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने बताया कि 9 अगस्त को उसके 3 महीने के बेटे अल्तमश को नौशाद और उसकी पत्नी रुखसार कथित तौर पर अगवा कर ले गए हैं.

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया. सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने 12 अगस्त को हिंडन नदी चौकी क्षेत्र के फर्रुखनगर से गिरोह के सातों सदस्यों को धर दबोचा.

व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर तय होता था सौदा

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के अनुसार, गिरोह का काम करने का तरीका बेहद हैरान करने वाला था. गिरोह की महिलाएं उन परिवारों की रेकी करती थीं, जिनके घर में छोटे या दूधमुंहे बच्चे होते थे. इसके बाद आरोपी बच्चों की तस्वीरें खींचकर व्हाट्सएप पर संभावित खरीदारों को भेजते थे और कीमत तय की जाती थी.

आरोप है कि 3 महीने के मासूम अल्तमश को भी बेचने की तैयारी थी और उसे शामली के कांधला ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजल, नौशाद, नागेंद्र, नसीम, आबिद, सुमित्रा और रुखसार के रूप में हुई है. पुलिस अब गिरोह के अन्य नेटवर्क और खरीदारों की तलाश कर रही है.

यह भी पढ़िए: 9 साल पहले की लव मैरिज का 9 मिनट में क्रूरतापूर्वक अंत, दूसरी औरत के लिए पति ने पत्नी का कुकर से किया कत्‍ल



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read