Bharat Express DD Free Dish

Gurugram: PG में मृत मिली एटा की 20 साल की लड़की, संदेह उसके लिव-इन-पार्टनर पर; मां ने लगाया हत्या का आरोप

Gurugram PG woman dead live-in partner: गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित पीजी में 20 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला. मृतका की मां ने लिव-इन पार्टनर पर हत्या कर शव पंखे से लटकाने का आरोप लगाया.

गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित इस्लामपुर गांव में एक पेइंग गेस्ट (पीजी) के कमरे में 20 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के जलालपुर निवासी तनीषा के रूप में हुई है. वह अपने ही इलाके के चेतन शर्मा नामक युवक के साथ लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. घटना के बाद मृतका की मां ने चेतन पर हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए दावा किया है कि बेटी की जान लेकर शव को पंखे से लटकाया गया है.

कमरा अंदर से बंद मिला, खिड़की से देखने पर हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चेतन अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था. इस दौरान दोनों के बीच फोन पर बातचीत न होने के चलते जब पड़ोस में रहने वाला अनुज कमरे पर पहुंचा, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. खिड़की से झांकने पर तनीषा का शव पंखे से लटकता दिखाई दिया, जिसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.

परिजनों को नहीं थी लिव-इन की जानकारी

गुरुग्राम में रहने वाली तनीषा की बहन ने बताया कि घटना से एक रात पहले ही उसकी तनीषा से सामान्य बातचीत हुई थी और वह पूरी तरह सहज लग रही थी. वहीं परिजनों का दावा है कि उन्हें तनीषा के लिव-इन में रहने की पहले से कोई भनक नहीं थी. अचानक हुई इस घटना और हत्या के आरोपों ने मामले को बेहद संदिग्ध बना दिया है.

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शुरू की गहन जांच

सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. सदर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मोहन के मुताबिक, मामला पहली नजर में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के हत्या संबंधी आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.

बिहार में लड़की पर हमले की एक और घटना उजागर: मधुबनी जिले में 4 लोगों ने नाबालिग लड़की को पीटा, पुलिस बोली- आरोपी चिह्नित, केस दर्ज हुआ



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read