रिपोर्ट: मनोज भटनागर
Ujjain News: धर्मनगरी उज्जैन के पंचमपुरा क्षेत्र में शनिवार (11 अप्रैल) रात सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई अचानक हिंसक विवाद में बदल गई. नगर निगम की टीम जब मास्टर प्लान के तहत सड़क विस्तार का कार्य कर रही थी, उसी दौरान हनुमान मंदिर को हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही स्थानीय लोगों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बहस हंगामे में बदल गई.
मंदिर हटाने को लेकर भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही पास स्थित माताजी मंदिर की प्रतिमाओं को शांतिपूर्वक स्थानांतरित कर दिया गया था. लेकिन शनिवार रात करीब 8 बजे जैसे ही हनुमान मंदिर हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, लोगों ने इसे आस्था से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध तेज कर दिया. मौके पर मौजूद पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी बहस हुई, जिसने जल्द ही उग्र रूप ले लिया.
पथराव में थाना प्रभारी घायल
स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ की ओर से अचानक पथराव शुरू हो गया. इस दौरान माधव नगर थाना प्रभारी अंकित बनोदा के सिर पर गंभीर चोट आई. उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पथराव के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हालात नियंत्रण से बाहर होते नजर आए.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया. फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन तनाव बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: हैदराबाद में जेम्स बॉन्ड वाली BMW, बटन दबाते ही बदल जाती थी नंबर प्लेट, पुलिस भी रह गई दंग
प्रशासन की सख्त चेतावनी
मामले पर सीएसपी दीपिका शिंदे ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान उत्पन्न विवाद झड़प में बदल गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने साफ किया है कि विकास कार्य हर हाल में जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


