Bharat Express DD Free Dish

यूपी में पंखिया गैंग क्या है, जिसके लीडर समेत 6 गुर्गे यूपी पुलिस ने इकदिल इलाके में धर दबोचे हैं, 12 जिलों में 86 केस दर्ज थे

PANKHIYA GANG BUSTED IN ETAWAH: उत्तर प्रदेश में मुठभेड़ के बाद कुख्यात अंतरजनपदीय पंखिया गैंग के सरगना समेत छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. बदायूं के रहने वाले इस गिरोह पर यूपी के 12 जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट के 86 मुकदमे दर्ज हैं.

Etawah Police

अंतरजनपदीय 'पंखिया गैंग'

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में सक्रिय शातिर और अंतरजनपदीय गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत इटावा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. मंगलवार को थाना इकदिल क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद कुख्यात पंखिया गैंग के सरगना समेत छह शातिर गुर्गों को धर दबोचा गया. पकड़े गए सभी आरोपी मूल रूप से बदायूं जिले के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ प्रदेश के एक दर्जन जिलों में कुल 86 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

क्या है पंखिया गैंग, कैसे करता है वारदात?

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य यूपी के जिलों में ‘पंखिया गैंग’ घुमंतू और संगठित अपराधियों का एक बेहद शातिर गिरोह माना जाता है. इस गैंग के सदस्य अक्सर दिन में फेरी लगाने, कबाड़ बीनने या मजदूरी के बहाने सुनसान इलाकों, बंद मकानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करते हैं. रात के अंधेरे में यह गिरोह लोहे के औजारों (सब्बल आदि) से ताले और खिड़कियां तोड़कर (नकबजनी) घरों में दाखिल होता है. गिरोह के पास तमंचे और कारतूस मौजूद रहते हैं और विरोध करने पर ये गृहस्वामियों पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचकिचाते. वारदात को अंजाम देने के बाद ये गिरोह अपनी कारों या वाहनों से तुरंत दूसरे जिलों में भाग निकलते हैं.

सोना-चांदी, गन-कारतूस और कार बरामद

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर इन छह अपराधियों को पकड़ा.

पुलिस ने इनके कब्जे से:

  • 136 ग्राम सोना
  • 1 किलो 321 ग्राम चांदी के बिस्किट
  • 307 ग्राम चांदी के आभूषण
  • ₹32,250 नकद
  • 2 अवैध तमंचे, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस

अपराध में प्रयुक्त एक कार और मोबाइल फोन बरामद किया है.

इकदिल और उसहैत की चोरी का किया खुलासा

पूछताछ के दौरान गिरोह ने 7 अगस्त 2026 को इटावा के थाना इकदिल क्षेत्र स्थित एक बंद मकान में हुई बड़ी चोरी की घटना को स्वीकार किया है, जहां से लाखों के जेवरात और नकदी उड़ाई गई थी. इसके अलावा आरोपियों ने बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गायत्री शक्ति पीठ मंदिर में हुई चोरी की वारदात में भी अपना हाथ होना कबूल किया है.

12 जिलों में फैला इनका आपराधिक नेटवर्क

एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है. इनके खिलाफ बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, मुजफ्फरनगर, सीतापुर, लखनऊ, फिरोजाबाद, कुशीनगर, कन्नौज, फतेहगढ़, पीलीभीत और बरेली में चोरी, नकबजनी, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत 86 मुकदमे दर्ज हैं. इस चुनौतीपूर्ण और अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने वाली एसओजी और पुलिस टीम को एसएसपी ने ₹25,000 के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है.

यह भी पढ़िए: बिहार के इन हवसियों से बेटियां कैसे बचें? जमुई में युवती से दरिंदगी पर भड़का विपक्ष, हिरासत में 3 आरोपी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read