उत्तराखंड पुलिस ने बरामद किये 125 किलो डायनामाइट
Uttarakhand News: देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. सावन के पहले दिन ही उत्तराखंड पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. दरअसल, देहरादून जिले के त्यूणी इलाके में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 125 किलो डायनामाइट बरामद किया है. इतने बड़े पैमाने पर डायनामाइट मिलने पर अब जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.
हिमाचल नंबर की ऑल्टो कार से हुआ खुलासा
पुलिस को यह सफलता उस वक्त मिली जब पंचायत चुनावों को देखते हुए इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध ऑल्टो कार (HP 09C 9788) को रोका गया. कार में तीन युवक सवार थे, जो हिमाचल प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं. जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो पुलिस को पांच पेटियों बरामद हुईं. जिसमें कुल 125 किलो डायनामाइट मिला. पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से डायनामाइट के अलावा डेटोनेटर और वायर भी बरामद हुए हैं.
पूछताछ में नहीं दे पाए कोई वैध दस्तावेज
पुलिस ने जब इन युवकों से विस्फोटक से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वे कुछ भी दिखाने में असमर्थ रहे. शक गहराने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और तीनों को हिरासत में ले लिया गया. पकड़े गए युवकों की पहचान रिंकू, रोहित और सुनील के रूप में हुई है.
कांवड़ यात्रा में लाखों की भीड़
गौरतलब है कि इस समय उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है. हरिद्वार, ऋषिकेश और गोमुख जैसे स्थानों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हुए हैं. ऐसे में किसी भी तरह का सुरक्षा चूक गंभीर घटना में बदल सकती है. विस्फोटक की इस बरामदगी ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है.
कई सवाल जिनके जवाब तलाश रही एजेंसियां
125 किलो डायनामाइट किसी सामान्य इस्तेमाल के लिए नहीं होता. अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल में जुट गई हैं कि ये विस्फोटक कहां ले जाया जा रहा था. जांच एजेंसिया इस बात का भी पता लगा रही हैं कि इसका इस्तेमाल किस मकसद से होना था, और क्या इसका कोई संबंध कांवड़ यात्रा या पंचायत चुनावों से है?
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है. साथ ही हिमाचल से लेकर उत्तराखंड तक इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. उत्तराखंड पुलिस ने अलर्ट बढ़ा दिया है. वहीं कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




