Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘13 राज्यों की 89 सीटें…1206 उम्मीदवार’ लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज, दांव पर लगी है राहुल गांधी से लेकर टीवी के राम की प्रतिष्ठा

दूसरे चरण के प्रमुख चेहरों में केरल की वायनाड सीट से राहुल गांधी चुनाव रहे हैं. इसके अलावा कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनय से राजनीति में आये अरुण गोविल का नाम शामिल है.

Election 2024

सांकेतिक फोटो-सोशल मीडिया

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज यानी कि 26 अप्रैल को 13 राज्यों की 89 लोकसभा सीटों पर हो रहा है. जिसमें कई हाई प्रोफाइल सीटें भी शामिल हैं. केरल की वायनाड सीट जिसपर राहुल गांधी चुनाव रहे हैं. इसके अलावा कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनय से राजनीति में आये अरुण गोविल का नाम शामिल है.

इन राज्यों में दूसरे चरण का मतदान

केरल की सभी 20 सीट के अलावा कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीट, मध्य प्रदेश की सात सीट, असम व बिहार की पांच-पांच सीट, छत्तीसगढ़ व पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीट और मणिपुर, त्रिपुरा व जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर मतदान होगा. दूसरे चरण में ‘आउटर’ मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र से चार सहित कुल 1206 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान बुधवार शाम को समाप्त हो गया था.

दूसरे चरण के प्रमुख चेहरे

कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनय से राजनीति में आये अरुण गोविल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के भाई डीके सुरेश (कांग्रेस), कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी (जनता दल-सेक्युलर) प्रमुख उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं. वहीं भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी, ओम बिरला और गजेंद्र सिंह शेखावत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से लगातार तीसरी जीत की उम्मीद लगाये हुए हैं.

केरल

केरल में, 2,77,49,159 पात्र मतदाताओं में से पांच लाख से अधिक मतदाता पहली बार मतदान करेंगे. राहुल, वायनाड से मौजूदा सांसद हैं और उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की एनी राजा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के के. सुरेंद्रन से है.

तिरुवनंतपुरम सीट

शशि थरूर, चौथी बार तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला भाजपा के चंद्रशेखर व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पन्नियन रवींद्रन से है.

मथुरा लोकसभा सीट

मथुरा लोकसभा सीट पर 2014 से भाजपा का पताका फहरा रही हेमा मालिनी का मुकाबला कांग्रेस के मुकेश धनगर से हैं.

कोटा सीट

कोटा से दो बार के सांसद ओम बिरला को कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल चुनौती दे रहे हैं.

जोधपुर सीट

केंद्रीय मंत्री शेखावत जोधपुर सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार करण सिंह उचियारदा से है.

बेंगलुरू दक्षिण

बेंगलुरू दक्षिण से मौजूदा सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुकाबला कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से होगा.

राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल 30 साल से अधिक समय से भाजपा का गढ़ रहे राजनांदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं.

मेरठ लोकसभा सीट

टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम का चरित्र निभाने वाले अरुण गोविल का मेरठ लोकसभा सीट पर मुकाबला बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के देवव्रत कुमार त्यागी और समाजवादी पार्टी (सपा) की सुनीता वर्मा से है.

इन राज्यों में पहले चरण में चुनाव संपन्न

शुक्रवार को दूसरे चरण के बाद केरल, राजस्थान और त्रिपुरा में चुनाव संपन्न हो जाएंगे. वहीं 19 अप्रैल को पहले चरण में तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (पांच), अरुणाचल प्रदेश (दो), मेघालय (दो), अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह (एक), मिजोरम (एक), नगालैंड (एक), पुडुचेरी (एक), सिक्किम (एक) और लक्षद्वीप (एक) में चुनाव संपन्न हो चुका है.

इसे भी पढ़ें: BJP में शामिल हुए यूट्यूबर मनीष कश्यप, बिहार से जुड़े इस नेता ने दिया ये बड़ा ऑफर

NDA ने 2019 में 56 सीटें जीती थीं

लोकसभा चुनाव 2019 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने इन 89 सीट में से 56 और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) ने 24 सीट पर जीत हासिल की थी. इनमें से छह सीट परिसीमन के बाद सामने आयी हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital