VD Satheesan oath: आज सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा. वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर केरल के 13वें सीएम बनेंगे. उनके साथ 20 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे. इस मौके पर राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.
मंत्रियों की सूची हुई तय
रविवार को वीडी सतीशन ने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नामों की घोषणा की. उन्होंने बताया कि गठबंधन के नेताओं से चर्चा के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया है. इसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और सनी जोसेफ को भी मंत्री बनाया जाएगा.
आईयूएमएल को पांच मंत्रालय
आईयूएमएल प्रमुख पनाक्कड़ सादिक अली शिहाब थंगल ने कहा कि उनकी पार्टी के पांच नेताओं को मंत्री पद दिया जाएगा. इनमें पीके कुन्हालीकुट्टी, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर शामिल हैं.
विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
यूडीएफ ने वरिष्ठ विधायक थिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है. वहीं शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे.
योग्य नेताओं को जगह नहीं
वीडी सतीशन ने कहा कि कांग्रेस को 63 सीटें मिलने के बावजूद सभी योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जा सका. उन्होंने इसे पार्टी की बड़ी जीत बताया और कहा कि सूची में शामिल और बाहर दोनों ही तरह के नेता योग्य हैं. लेकिन सामाजिक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना पड़ा.
विभागों का बंटवारा लगभग तय
सतीशन ने बताया कि सहयोगी दलों के बीच विभागों के बंटवारे पर चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है. कुछ मामूली मुद्दे बाकी हैं. अंतिम सूची राज्यपाल को भेजी जाएगी और मंजूरी मिलने के बाद राजपत्र में अधिसूचना जारी होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





