Bharat Express DD Free Dish

कोसी क्षेत्र में किसका दबदबा? बिहार चुनाव परिणाम पर सबकी निगाहें, 17 सीटों पर शुरू हुई वोटों की गिनती

Kosi Region Election Result: कोसी क्षेत्र की महत्वपूर्ण सीटों की बात करें तो छातापुर और खगड़िया की परबत्ता सीट हॉट सीटों में गिनी जा रही हैं. छातापुर से जहां दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू मैदान में हैं.

Kosi Region Election Result

Kosi Region Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में हुई बंपर वोटिंग के बाद आज रिजल्ट का दिन है. वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है. दोपहर 1 बजे के बाद परिणाम भी साफ हो जाएंगे कि बिहार में जीत का सेहरा किसके सिर सजेगा. इस चुनाव में दोनों गठबंधनों के लिए कोसी का क्षेत्र काफी अहम माना जा रहा है. कोसी प्रमंडल के चार जिलों में कुल 17 विधानसभा सीटें आती हैं. इस क्षेत्र में खगड़िया, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले आते हैं. 2020 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो पिछली बार कोसी क्षेत्र में एनडीए का दबदबा था.

कोसी क्षेत्र की महत्वपूर्ण सीटों की बात करें तो छातापुर और खगड़िया की परबत्ता सीट हॉट सीटों में गिनी जा रही हैं. छातापुर से जहां दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू मैदान में हैं. वहीं परबत्ता सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार हैं. उनका सामना लोजपा (रामविलास) के बाबूलाल शौर्य से है. गौरतलब है कि डॉ. संजीव कुमार 2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू के टिकट पर जीते थे.

मधेपुरा सीट से जदयू की कविता साहा

अन्य महत्वपूर्ण सीटों की बात करें तो मधेपुरा सीट पर जदयू की कविता साहा चुनावी मैदान में हैं. वहीं सुपौल विधानसभा सीट से जदयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव इस बार फिर मैदान में हैं. बिजेंद्र प्रसाद यादव 8 बार विधायक रह चुके हैं. वहीं सहरसा सीट से IIP के संस्थापक आईपी गुप्ता चुनावी मैदान में हैं. IIP महागठबंधन का हिस्सा है. वहीं अलौली सीट से जदयू ने रामचंद्र सदा को उम्मीदवार उतार रखा है. वहीं कांग्रेस ने रामवृक्ष सदा को टिकट दिया है. खास बात ये है कि इसी सीट से पशुपति पारस के बेटे यश राज मैदान में उतरे हैं. बता दें कि, पशुपति पारस LJP (R) के नेता चिराग पासवान के चाचा हैं.

ये भी पढ़ें- “कांग्रेस अब पहले से ज्यादा वामपंथी, बीजेपी की राजनीति से मुकाबले के लिए बदली दिशा”… शशि थरूर ने ऐसा क्यों बोला?

कोसी में कुल 17 विधानसभा सीटें

कोसी प्रमंडल का कुछ भाग मिथिला में भी आता है. कोसी क्षेत्र के सुपौल में 5 सीटें हैं, तो वहीं सहरसा में 4, खगड़िया में 4 और मधेपुरा में 4 सीटें हैं.

2020 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस प्रमंडल की 17 विधानसभा सीटों में से एनडीए ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की थी. दोनों सीटें खगड़िया की हैं. खगड़िया जिले की बात करें तो यहां बेलदौर सीट से जदयू ने पन्ना लाल पटेल को चुनावी रण में उतारा है. वहीं कांग्रेस ने मिथिलेश प्रसाद निषाद को टिकट दिया है. खगड़िया सदर से कांग्रेस ने चंदन यादव को टिकट दिया है तो एनडीए ने बबलू मंडल को टिकट दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read