Bharat Express DD Free Dish

बंगाल चुनाव में आज मोदी का ‘सुपर सैटरडे’! कटवा, जंगीपुर और बालुरघाट में गरजेंगे पीएम; शाम को सिलीगुड़ी में मेगा रोड शो की तैयारी

प्रधानमंत्री Narendra Modi आज पश्चिम बंगाल में तीन बड़ी रैलियों को संबोधित कर BJP के चुनाव अभियान को तेज करेंगे. इन सभाओं में वे Mamata Banerjee सरकार पर भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर निशाना साधेंगे…

PM Modi Bengal Rally: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आगामी चरणों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार को बंगाल में ताबड़तोड़ तीन रैलियों को संबोधित करेंगे. 23 और 29 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले पीएम मोदी का यह दौरा भाजपा के ‘विजय संकल्प’ अभियान को नई धार देने वाला माना जा रहा है. प्रधानमंत्री आज दोपहर से शाम तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जनसभाएं कर ममता सरकार पर सियासी प्रहार करेंगे और भ्रष्टाचार से लेकर घुसपैठ जैसे गंभीर मुद्दों पर जनता का समर्थन मांगेंगे.

बंगाल चुनाव में पीएम मोदी का आज का शेड्यूल

प्रधानमंत्री के तय कार्यक्रम (PM Modi Bengal Rally) के अनुसार, वे शनिवार को उत्तर से लेकर दक्षिण बंगाल तक के मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे. पीएम अपने दिन की शुरुआत कटवा में ‘विजय संकल्प सभा’ से करेंगे. इसके बाद वे जंगीपुर जाएंगे, जहां दोपहर 1:45 बजे एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे.

दिन की आखिरी जनसभा दोपहर 3:45 बजे दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट में होगी. इन रैलियों के बाद पीएम मोदी के सिलीगुड़ी जाने की संभावना है, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे और रविवार को एक भव्य रोड शो के जरिए उत्तर बंगाल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन करेंगे.

यह भी पढ़ें:नीतीश कुमार अब ‘सांसद’: राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, जानें अब कौन संभालेगा बिहार की कमान?

घुसपैठियों और बम इंडस्ट्री पर होगा प्रहार?

इससे पहले 9 अप्रैल को हुई रैलियों में पीएम मोदी ने ममता सरकार पर तीखे हमले करते हुए साफ कर दिया था कि भाजपा का एजेंडा क्या है. उन्होंने वादा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही उन लोगों की पहचान के लिए विशेष जांच की जाएगी जो घुसपैठियों को बसाने में मदद कर रहे हैं.

साथ ही पीएम ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में कच्चे बम बनाना एक ‘कुटीर उद्योग’ बन गया है और सत्ताधारी दल अपराधियों को संरक्षण दे रहा है. आज की रैलियों में भी इन मुद्दों की गूंज सुनाई देने की पूरी उम्मीद है.

बंगाल फतह के लिए भाजपा का आखिरी जोर

प्रधानमंत्री की ये रैलियां भाजपा की उस व्यापक चुनाव प्रचार योजना का हिस्सा हैं, जिसके तहत वे पूरे चुनाव के दौरान लगभग 14 जनसभाओं को संबोधित करने वाले हैं. 23 और 29 अप्रैल के चुनाव भाजपा के लिए निर्णायक माने जा रहे हैं, यही वजह है कि पीएम खुद मैदान में उतरकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भर रहे हैं. भ्रष्टाचार, रोजगार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाकर भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि वह बंगाल में ‘अशल पोरिवोर्तन’ (असली बदलाव) लाने के लिए पूरी तरह तैयार है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read