Britney Spears Arrest: अमेरिकी पॉप सिंगर ब्रिटनी स्पीयर्स को कैलिफोर्निया में नशे की हालत में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. हालांकि गिरफ्तारी के बाद उन्हें तुरंत छोड़ दिया गया. अब उनको 4 मई को कोर्ट में पेश होना होगा.
गायिका को बुधवार की रात कैलिफोर्निया हाईवे पर हिरासत में लिया गया. बीबीसी के मुताबिक स्पीयर्स के खिलाफ पुलिस को सूचना दी गई थी कि वो अपनी बीएमडब्ल्यू कार को बेहत तेज रफ्तार से लापरवाही पूर्वक हाईवे पर चला रही थी. पुलिस ने जब उन्हें रोका तो वो नशे में थीं.
पॉप सिंगर ब्रिटनी स्पीयर्स को गुरुवार को जेल से रिहा कर दिया गया. उन्हें अब 4 मई को वेंचुरा काउंटी सुपीरियर कोर्ट में पेश होना होगा.
बीबीसी ने स्पीयर्स के प्रतिनिधि के हवाले से बताया कि ब्रिटनी सही कदम उठाने जा रही हैं और कानून का पालन करेंगी. उम्मीद है कि इस मुश्किल समय में उसे वह मदद और समर्थन मिल सकेगा जिसकी उसे जरूरत है. फिलहाल इस मामले की जांच जारी है.
जब्त कर ली गई कार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पीयर्स अपनी काली बीएमडब्ल्यू 430i में अकेले यूएस-101 हाईवे पर दक्षिण की ओर जा रही थीं. तभी अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया. घटना के बाद उनकी कार जब्त कर ली गई.
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद स्पीयर्स को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया. जबकि शराब पीकर गाड़ी चलाने के प्रोटोकॉल के मुताबिक सबसे पहले रक्त परीक्षण करने के लिए अधिकारियों को उन्हें अस्पताल ले जाना चाहिये था.
गिरफ्तारी के बाद ब्रिटनी स्पीयर्स ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया था.
सबसे सफल पॉप सिंगर्स में से एक हैं स्पीयर्स
ब्रिटनी स्पीयर्स अबतक की सबसे सफल पॉप स्टार्स में से एक हैं. उनके हिट गानों में बेबी वन मोर टाइम, एवरीटाइम, टॉक्सिक, गिम्मे मोर, वुमेनाइजर शामिल हैं. हालांकि साल 2024 में गायिका ने संगीत छोड़ने का ऐलान कर दिया था. उन्होंने कहा था कि वो संगीत उद्योग में अब कभी वापस नहीं आएंगी. उनका आखिरी गाना साल 2022 में एल्टन जॉन के साथ आया था.
ये भी पढ़ें- अब रैपर की बीट पर नाचेगा नेपाल! कौन हैं बालेन शाह जो बन सकते हैं अगले प्रधानमंत्री? पढ़ें-EXPLAINER
हालांकि साल 2026 की शुरुआत में सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में संकेत दिया था कि वो अमेरिका में परफॉर्म नहीं करेंगी, लेकिन उम्मीद है कि वो भविष्य में यूके और ऑस्ट्रेलिया में लाइव परफॉर्म करेंगी. हालांकि इस पोस्ट को तुरंत हटा भी लिया था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




