सिनेमा के इतिहास में समय-समय पर ऐसी फिल्में आती हैं जो बड़े-बड़े दिग्गजों के गणित बिगाड़ देती हैं. साल 2025 में एक ऐसी ही फिल्म ने दस्तक दी है जिसने न केवल बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए, बल्कि यह साबित कर दिया कि कंटेंट ही असली किंग है. हम बात कर रहे हैं गुजराती फिल्म ‘लालो: कृष्ण सदा सहायते’ की. इस फिल्म ने वह कर दिखाया है जिसकी कल्पना शायद फिल्म के मेकर्स ने भी नहीं की होगी.
आजकल जहाँ करोड़ों के बजट, ऊंचे दर्जे के वीएफएक्स और बड़े-बड़े सितारों के बावजूद फिल्में औंधे मुंह गिर रही हैं, वहीं ‘लालो’ ने एक अलग ही इबारत लिखी है. इस फिल्म में न तो कोई बड़ा बॉलीवुड स्टार है, न कोई तड़कता-भड़कता डांस नंबर और न ही मारधाड़ वाला एक्शन. यह एक साधारण बजट वाली डिवोशनल ड्रामा फिल्म है, जिसने अपनी सादगी और कहानी के दम पर दर्शकों के दिलों में जगह बना ली.
50 लाख का बजट और 100 करोड़ का आंकड़ा
हैरानी की बात यह है कि इस फिल्म को बनाने में महज़ 50 लाख रुपये खर्च हुए थे. लेकिन जब यह पर्दे पर आई, तो इसने कमाई के मामले में ‘स्लीपर हिट’ शब्द की नई परिभाषा लिख दी. ‘लालो: कृष्ण सदा सहायते’ 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली गुजराती फिल्म बन गई है. अब तक इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 120 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुका है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली फिल्म बनाता है.
गुजराती सिनेमा का नया सवेरा
अगर मुनाफे के गणित को समझें, तो इस फिल्म ने 24,000 प्रतिशत का ग्रॉस प्रॉफिट कमाया है. यह आंकड़ा इतना बड़ा है कि इसने आमिर खान की ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ और कल्ट क्लासिक ‘जय संतोषी मां’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है.
तुलना के लिए देखें तो:
- सीक्रेट सुपरस्टार: 15 करोड़ के बजट पर करीब 900 करोड़ की कमाई (6,000% प्रॉफिट).
- लालो: 50 लाख के बजट पर 120 करोड़ की कमाई (24,000% प्रॉफिट).
एवेंजर्स और अवतार भी पड़ गए फीके
हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्मों जैसे ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने 680% और ‘सैयारा’ ने 1350% का प्रॉफिट दिया है. दिलचस्प बात यह है कि अगर ‘धुरंधर’ जैसी बड़ी फिल्म को ‘लालो’ के प्रॉफिट रेशियो की बराबरी करनी हो, तो उसे 30,000 करोड़ रुपये कमाने होंगे. यह रकम हॉलीवुड की ‘अवतार’ और ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ की कुल कमाई से भी कहीं ज्यादा है.
ये भी पढ़ें: New Year Party Playlist 2026: ‘आज की रात’ से लेकर ‘बिजुरिया’ तक, इन गानों के बिना अधूरा है नए साल का जश्न!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
