Raanjhanaa Re-Release: साल 2013 में आई ‘रांझणा’ को याद है? बनारस की गलियों से निकलती एक इमोशनल लव स्टोरी, जिसमें दक्षिण भारत के सुपरस्टार धनुष ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. सोनम कपूर के साथ उनकी जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया था और ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी कामयाब रही थी.
लेकिन अब, जब ‘रांझणा’ को एक बार फिर बड़े पर्दे पर री-रिलीज किया गया है, तो वो पुरानी भावनाएं दोबारा लौटने के बजाय विवादों में उलझ गई हैं. वजह है फिल्म का बदला हुआ क्लाइमैक्स, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से तैयार किया गया है.
“AI ने छीन ली फिल्म की आत्मा”
री-रिलीज के इस बदले हुए क्लाइमैक्स को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कुछ लोग इसे “नया अनुभव” कहकर सराह रहे हैं, तो कुछ इसे फिल्म की “रूह” से खिलवाड़ बता रहे हैं. खुद फिल्म के लीड एक्टर धनुष इस बदलाव से काफी नाखुश हैं.
धनुष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपनी नाराज़गी जाहिर करते हुए लिखा, “री-रिलीज में रांझणा के AI क्लाइमैक्स को देखकर मैं बेहद परेशान हूं. यह वो फिल्म नहीं है, जिसके लिए मैंने 12 साल पहले दिल से मेहनत की थी. ऐसा लग रहा है जैसे इसकी आत्मा ही छीन ली गई हो. मेरी आपत्ति के बावजूद इसे जारी रखा गया, जो और भी दुखद है.”
धनुष ने आगे यह भी कहा कि इस तरह की तकनीकी छेड़छाड़ से न सिर्फ एक कलाकार की मेहनत पर असर पड़ता है, बल्कि सिनेमा की विरासत भी खतरे में पड़ती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाए जाएंगे.
ये भी पढ़ें- Mahavatar Narsimha OTT: OTT पर दस्तक दे रही है ‘महावतार नरसिम्हा’, कब और कहां देख पाएंगे? यहां जानें पूरा डिटेल
डायरेक्टर Aanand L. Rai भी नाराज
धनुष से पहले फिल्म के डायरेक्टर आनंद एल राय भी इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि उनकी फिल्म के साथ “AI का खिलवाड़” हुआ है, जो एक फिल्ममेकर के लिए बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हो सकता.
याद दिला दें कि ‘रांझणा’ को उस समय दर्शकों ने काफी सराहा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म करीब 36 करोड़ के बजट में बनी थी और भारत में 60 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था. ग्लोबल बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म ने लगभग 90 करोड़ रुपये की कमाई की थी. एक तरह से यह फिल्म धनुष के हिंदी फिल्म करियर की शानदार शुरुआत बन गई थी.
Follow Bharat Express on Instagram
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





