नेताओं के बयानों को लेकर आए दिन कोई न कोई वीडियो वायरल होता ही रहता है. इस बीच ऐसा ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ये बयान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) का है, जिससे दावा किया जा रहा है कि वो पीएम मोदी से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. लेकिन इस वायरल हो रहे बयान के वीडियो के पीछे सच्चाई कुछ और ही है.
क्या हो रहा वायरल?
दरअसल, 25 दिसंबर को एक इंस्टाग्राम यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया था. वीडियो में CM Yogi को कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘अगर बांग्लादेश पाकिस्तान नहीं बना होता, तो इस तरीके से हिंदुओं को नहीं जलाया गया होता. और अगर ऐसा करता तो उसकी क्या दुर्गति होती ये वो भी जानता है. प्रधानमंत्री मोदी जी अगर आप बांग्लादेश पर आक्रमण नहीं कर सकते तो प्रधानमंत्री के पद को छोड़ दीजिए.’

वायरल हो रहे वीडियो में वो आगे कहते है, ‘हम धर्म सैनिक अपने धर्म युद्ध से बांग्लादेश को वापस अखंड भारत का हिस्सा बनाएंगे. ये सब पाकिस्तान का आसिम मुनीर करवा रहा है जब तक आसिम मुनीर पाकिस्तान में रहेगा तब तक भारत संकट में है हमारा आदेश है कि आसिम मुनीर को किसी भी तरह से हानि भी जानी चाहिए ताकि पाकिस्तान अपनी औकात में रहेगा.
जांच में पता चली सच्चाई
सबसे पहले हमने वीडियो के की-फ्रेम्स की जांच की और उसका असली स्रोत खोजा. इसमें हमें एक प्रतिष्ठित यूट्यूब चैनल पर इसका पूरा वीडियो मिला, जिसमें सीएम योगी को भाषण देते हुए सुना जा सकता है. हमारी फैक्ट चेक टीम ने वीडियो को पूरा देखा तो पता चला की अपने वास्तविक भाषण में सीएम योगी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का मुद्दा उठाया था. साथ ही उन्होंने विपक्ष की चुप्पी को लेकर सवाल भी खड़े किए थे. लेकिन पूरे भाषण में कहीं भी न तो पीएम मोदी से इस्तीफे की मांग की और न ही पाकिस्तान या उसके सेना प्रमुख को लेकर कोई जिक्र था.
बता दें कि असल वीडियो उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का है.
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमारी टीम को वायरल वीडियो के लिप-सिंक में गड़बड़ी दिखाई देती है., जिससे इसके एडिटेड होने पर शक होता है. हमने इसकी डिटेक्शन टूल की मदद से जांच की, तो इसमें AI मैनिपुलेशन की संभावना जताई गई. वहीं, ऑडियो एनालिसिस टूल Truth Scan ने दावा किया कि आवाज के AI से जनरेट होने की संभावना 98 प्रतिशत है.
इसके अलावा, एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट ने भी पुष्टि की कि वीडियो में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया है.
इस जांच से ये साफ हो जाता है कि सीएम योगी का प्रधानमंत्री मोदी से इस्तीफा मांगने वाला वीडियो पूरी तरह फर्जी और डीपफेक है. ऐसे में सोशल मीडिया पर फैल रहे इस तरह के भ्रामक कंटेंट से सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: अमित शाह का वादा: हर व्यक्ति को प्रति माह मिलेगा 3.50 लाख, जानें क्या है वायरल हो रहे वीडियो का सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

