बिहार में चुनाव का माहौल जोरो-शोरो से चल रहा है और कल 6 नवंबर को पहले चरण का मतदान भी होने को है. वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर आए दिन इससे जुड़ा कोई न कोई वीडियो देखने को मिल ही जाता है. इस बीच एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है, जिसमें पीएम मोदी कहते नजर आ रहे हैं कि, ये पवन नहीं आंधी है. आइए जानते हैं वीडियो के पीछे का सच.
वायरल वीडियो में क्या है?
दरअसल इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो पीएम मोदी का है. इस वीडियो में वो ये कहते हुए नजर आ रहे हैं कि ये पवन नहीं आंधी है, इसके बाद इसमें पवन सिंह की एक क्लिप आती है. इस वीडियो से ऐसा लग रहा है कि पीएम मोदी भोजपुरी स्टार पवन सिंह की तारीफ कर रहे हैं.
View this post on Instagram
अब इसको यूजर्स ‘मोदी जी भी मान गए, पवन नहीं आंधी’ लिखकर शेयर किए जा रहे है.
क्या है असल सच?
भारत एक्सप्रेस की फैक्ट चेक टीम ने इस वीडियो की पड़ताल की. जांच करते समय पहले हमने कीवर्ड सर्च का इस्तेमाल किया, जिसके बाद हमें असली वीडियो मिला. ये असल वीडियो 7 जून 2024 का है, जिसमें एक्टर व जनसेना पार्टी के चीफ पवन कल्याण को भी देखा जा सकता है. इस वीडियो में पीएम मोदी के ‘यह पवन नहीं आंधी है’ कहने पर पवन कल्याण हाथ जोड़कर अभिवादन करते दिखाई देते है.
कीवर्ड सर्च के समय हमें इसके साथ ही एक प्रमुख मीडिया वेबसाइट की खबर भी मिली, जो 12 जून को अपलोड किया गया था, जिसके हेडलाइन की शुरुआत ‘पवन नहीं, आंधी है…’ से हुई थी.
हमनें भाजपा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को भी स्कैन किया तो हमें 7 जून को लाइव हुआ एक वीडियो मिला. इस वीडियो से इस बात की पुष्टि हो गई पीएम मोदी ने पवन कल्याण के लिए ये बात कही है न की भोजपुरी स्टार पवन सिंह के लिए.
इससे इस बात की भी पुष्टि होती है कि वायरल हो रहे वीडियो को एडिट कर पवन सिंह के क्लिप के साथ जोड़ा गया है.
निष्कर्ष
वायरल वीडियो एडिटेड और भ्रामक है. पीएम मोदी ने ‘यह पवन नहीं, आंधी है’ वाली बात भोजपुरी गायक पवन सिंह के लिए नहीं बल्कि आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी के नेता पवन कल्याण के संदर्भ में कही थी. वीडियो को एडिट कर गलत संदर्भ में चुनावी प्रचार के लिए इस्तेमाल किया गया.
ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव के बीच राहुल गांधी के वायरल वीडियो का सच, क्या सच में उन्होंने कही थी ये बात?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


