केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया. इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान के 15 जिलों के लिए करीब ₹5659 करोड़ की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया.
मंच पर पहुंचने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमित शाह का पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया.
‘सोनिया ने बीच में रुकवा दिया था वंदे मातरम’
संबोधन के दौरान गृह मंत्री ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और सोनिया गांधी पर सीधा हमला बोला.
शाह ने कहा:
“कांग्रेस ने हमेशा अपने वोट बैंक के लालच में वंदे मातरम को भुला दिया था. बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की इस अमर रचना के लिए हजारों-लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते अपनी जान दी थी. लेकिन 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था, तब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इसे बीच में ही रुकवा दिया.”
गृह मंत्री ने कहा कि यह पाप देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी. उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम को पुनः उसका पुराना गौरव और नया जीवन देने का काम किया है.
70 बनाम 8 साल: विकास के आंकड़ों से घेरा
राजस्थान में जलापूर्ति और बुनियादी ढांचे का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि जब पीएम मोदी ने ‘हर घर नल और हर घर जल’ योजना की शुरुआत की थी, तब 70 सालों के शासन के बाद राजस्थान के केवल 11 लाख घरों तक पानी पहुंचा था. लेकिन मोदी सरकार ने महज 8 सालों में 64 लाख घरों तक पीने का पानी पहुंचाया है, जो कांग्रेस के मुकाबले 6 गुना अधिक काम है.
अटल वाजपेयी को किया याद- ‘वे अजातशत्रु थे’
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 1.5 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह 21 फीट ऊंची प्रतिमा अटल जी के महान विचारों को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि अटल जी जब पत्रकार बने तो कलम से राष्ट्रभक्ति को आगे बढ़ाया, जब कवि बने तो अपने शब्दों से देशप्रेम जगाया और जब देश के प्रधानमंत्री बने तो राष्ट्र की सुरक्षा व सुशासन की नई मिसाल कायम की. उन्होंने सत्ता में रहते या विपक्ष में रहते कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया, इसीलिए उन्हें ‘अजातशत्रु’ कहा जाता है.
यह भी पढ़िए: ‘देश को दी नई दिशा…!’ 8वीं पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
