Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

ग्राउंड जीरो पर गृह मंत्री: सुरक्षा का अभेद्य किला बनेगा ‘चिकन नेक’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में हाई-लेवल मीटिंग कर रणनीतिक रूप से अहम ‘चिकन नेक’ और भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा की समीक्षा की.

Amit Shah Review Chicken Neck Security And India Bangladesh Border In Siliguri

पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तर बंगाल पहुंचे हैं. शनिवार को सिलीगुड़ी के उत्तरकन्या में उन्होंने राज्य सरकार के आला अधिकारियों और मंत्रियों के साथ एक बेहद अहम हाई-लेवल मीटिंग की. इस बैठक का सबसे बड़ा फोकस भारत की सुरक्षा के लिहाज से सबसे संवेदनशील माने जाने वाले ‘चिकन नेक’ की सुरक्षा को अभेद्य बनाना था.

‘चिकन नेक’ पर पैनी नजर

चिकन नेक ही वह संकरा रास्ता है जो पूरे पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है. चीन की हरकतों और रणनीतिक नजरिए से केंद्र सरकार इस इलाके को लेकर बेहद सतर्क है. इस रूट पर बन रही रंगपो रेलवे परियोजना और सेना की आवाजाही को बिना किसी बाधा के सुरक्षित रखने के लिए गृह मंत्रालय ने सुरक्षा का एक फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है.

फर्जी पहचान पत्र बनाने वालो पर होगा एक्शन

भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे होने के कारण उत्तर बंगाल का यह इलाका घुसपैठियों के निशाने पर रहता है. अमित शाह ने साफ कर दिया कि सीमा पर अवैध घुसपैठ और फर्जी पहचान पत्र बनाने वाले रैकेट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बैठक में अपराधी गिरोह, जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन और बॉर्डर मैनेजमेंट जैसे मामलों पर चर्चा हुई.

शनिवार सुबह गृह मंत्री खुद ग्राउंड जीरो पर उतरे. उन्होंने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास डाबग्राम-फूलबाड़ी, जमुरिया वीटा और संन्यासीकाटा इलाकों का दौरा कर जमीनी हकीकत देखी. शाह ने वहां तैनात बीएसएफ (BSF) के जवानों की हौसलाअफजाई की और कई नई विकास योजनाओं की नींव भी रखी.

मंच पर साथ दिखे सुवेंदु

शुक्रवार रात जब अमित शाह वायुसेना के विशेष विमान से बागडोगरा पहुंचे, तो मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद उनका स्वागत किया. शाह ने रात कदमतला के बीएसएफ मुख्यालय में बिताई. शनिवार की इस बड़ी बैठक में मुख्यमंत्री के साथ दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और मालदा समेत उत्तर बंगाल के तमाम जिलों के मंत्री और सांसद मौजूद रहे, जिससे साफ है कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस संवेदनशील इलाके की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती.

ये भी पढ़ें: ‘वापस आ जाओ, एक घंटे के अंदर…’ TMC के बागी नेताओं को अभिषेक बनर्जी का बड़ा ऑफर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital