Anurag Thakur vs Rahul Gandhi: कोमल शर्मा/दिल्ली: संसद से लेकर सड़क तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान चरम पर है. ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के हंगामे के बाद अब बीजेपी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर अब तक का सबसे तीखा और आक्रामक प्रहार किया है. अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को ‘राष्ट्र विरोधी ताकतों का प्रवक्ता’ करार देते हुए उनके नाम का एक नया सियासी मतलब (रा- रार, हु- हुड़दंग, ल- लफंगई) गढ़ दिया है.
‘RAHUL’ और ‘LoP’ का नया मतलब
प्रेस को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी की राजनीति को पूरी तरह से नकारात्मक और अराजक बताया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज राहुल का मतलब क्या हो गया है? ‘रा’ से रार, ‘हु’ से हुड़दंग और ‘ल’ से लफंगई! पूरी दुनिया में इनकी जग हंसाई हो रही है.
ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ‘लीडर ऑफ अपोजिशन’ (LoP) नहीं, बल्कि ‘लीडर ऑफ अपोजिंग पार्लियामेंट’ और ‘लीडर ऑफ अपोजिंग भारत’ बन गए हैं. उन्होंने संसद में महिला सांसदों को आगे कर पीएम मोदी की सीट घेरने की घटना की भी कड़ी निंदा की.
‘अंकल सैम और सोरोस के इशारे पर चल रही कांग्रेस?’
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस की नीतियों के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होने का गंभीर आरोप लगाया. Anurag Thakur ने सवाल दागते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी की राजनीति विदेश से तैयार हो रही है? क्या कांग्रेस पार्टी ‘अंकल सैम’ और जॉर्ज सोरोस के कहने पर चल रही है? ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजीव गांधी फाउंडेशन में चंदा लेती है और फिर चीन का गुणगान करती है. उन्होंने कहा कि भारत के प्रतिद्वंद्वी देश आज कांग्रेस का सहयोग कर रहे हैं.
‘शेमलेस और शर्टलेस नंगा नाच’
हाल ही में दिल्ली में हुए ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के हंगामे पर भी अनुराग ठाकुर ने गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जब भारत की इकोनॉमी सबसे तेजी से बढ़ती है तो ये उसे डेड इकॉनमी (Dead Economy) बोलते हैं. जिस एआई समिट की पूरी दुनिया प्रशंसा कर रही है, वहां ये लोग शेमलेस और शर्टलेस होकर नंगा नाच करते हैं और अभद्र प्रदर्शन करते हैं.
ये भी पढ़ें: ‘मुझे पैसों का लालच दिया गया’, रमाशंकर ने क्या बताया? शंकराचार्य पर यौन शोषण के आरोप में नया मोड़
‘देश से माफी मांगें राहुल गांधी’
Anurag Thakur ने अपने बयान का निष्कर्ष निकालते हुए कहा कि राहुल गांधी का एकमात्र काम झूठ बोलना, भ्रम फैलाना, भारत को बदनाम करना और पीएम मोदी को गाली देना रह गया है. भाजपा विरोध और मोदी विरोध से शुरू होकर अब ये भारत विरोध तक पहुंच गए हैं. उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और भारत के नागरिकों से नफरत ही राहुल गांधी का एजेंडा है. उन्हें अपने इस भारत विरोधी प्रोपेगेंडा के लिए तुरंत देश से माफी मांगनी चाहिए.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

