Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

अर्जुन राम मेघवाल और संजय निषाद ने गिनाईं ग्यारह साल की उपलब्धियां, बोले – पीएम मोदी के नेतृत्व में हम विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर अर्जुन राम मेघवाल और संजय निषाद ने मोदी सरकार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम विश्वगुरु बनने की ओर बढ़ रहे हैं.

PM Modi

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल की जमकर तारीफ की. दोनों नेताओं ने कहा कि इन 11 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है और पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर है.

अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. कुछ लोगों को लगता था कि गठबंधन सरकार होने से निर्णय लेने में दिक्कत होगी, लेकिन पीएम मोदी ने इसे गलत साबित किया. ऑपरेशन सिंदूर जैसे बड़े फैसले लिए गए, जीएसटी कलेक्शन बढ़ा और बुनियादी ढांचे का कोई भी काम नहीं रुका. यह पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है.”

मेघवाल ने बताया कि इन 11 सालों में सड़क, रेल, हवाई अड्डे और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में तेजी आई, जिससे देश की तस्वीर बदली है.

वहीं, संजय निषाद ने कहा, “11 साल बेमिसाल रहे हैं. कई बड़े फैसले लिए. इसमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर का निर्माण और अंग्रेजों के बनाए पुराने कानूनों को खत्म करना शामिल है.”

उन्होंने आगे कहा, “पहले अनाज गोदामों में सड़ता था और लोग भूखे मरते थे, लेकिन पीएम मोदी ने गरीबों तक मुफ्त अनाज पहुंचाया. पहले लोग पैसे की कमी से इलाज नहीं करा पाते थे, लेकिन आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मुफ्त और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिली.”

निषाद के अनुसार, पहले अनाज और कलम की ताकत थी, लेकिन नीयत सही नहीं थी. पीएम मोदी ने सही नीतियां बनाकर देश को आगे बढ़ाया.

मछुआरों और किसानों के लिए किए गए कामों का जिक्र करते हुए मंत्री निषाद ने कहा, “पिछले 67 सालों में मछुआरों को सिर्फ 3 हजार करोड़ रुपये मिले, लेकिन पीएम मोदी के कार्यकाल में 41,500 करोड़ रुपये दिए गए. किसानों को भी हर तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं.”

उनके मुताबिक, पीएम मोदी ने अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाकर भारत को आत्मनिर्भर बनाया है. अब हम हथियार तक बेच रहे हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital