भारतेंदु हरिश्चंद्र क जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह ने श्रद्धांजलि दी
Bharatendu Harishchandra Jayanti: आधुनिक हिंदी साहित्य को नई दिशा देने वाले महान साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती पर देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए भारतेंदु हरिश्चंद्र के साहित्यिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया.
भारतेंदु हरिश्चंद्र जी ने हिंदी को आधुनिक स्वरूप दिया- अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र ने भाव, भाषा और शैली में नए प्रयोग करके हिंदी को आधुनिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने अपनी रचनाओं के जरिए भक्ति के साथ-साथ समाज सुधार, स्त्री शिक्षा और देश के प्रति जागरूकता जैसे विषयों को भी प्रमुखता दी. शाह ने कहा कि भारतेंदु भाषा को केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मसम्मान और चेतना का आधार मानते थे. अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा,
आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रणेता भारतेंदु हरिश्चंद्र जी को उनकी जयंती पर नमन करता हूं. भारतेंदु हरिश्चंद्र जी ने भाव, भाषा और शैली में नवीनता का समावेश कर हिंदी को आधुनिक स्वरूप दिया. उनकी रचनाओं में ईश्वर की भक्ति के साथ समाज-सुधार की चेतना, स्त्री-शिक्षा का समर्थन और स्वाधीनता की प्रेरणा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है.”
उन्होंने आगे लिखा, “भारतेंदु जी यह समझते थे कि किसी राष्ट्र की पहचान उसकी भाषा और संस्कृति से होती है. इसलिए उन्होंने स्वभाषा को केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मसम्मान और चेतना का आधार माना.”
आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रणेता भारतेंदु हरिश्चंद्र जी को उनकी जयंती पर नमन करता हूँ।
भारतेंदु हरिश्चंद्र जी ने भाव, भाषा और शैली में नवीनता का समावेश कर हिंदी को आधुनिक स्वरूप दिया। उनकी रचनाओं में ईश्वर की भक्ति के साथ समाज-सुधार की चेतना, स्त्री-शिक्षा का समर्थन और स्वाधीनता… pic.twitter.com/hAll2cKMEY
— Amit Shah (@AmitShah) September 9, 2026
अन्य नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारतेंदु को आधुनिक हिंदी साहित्य का पुरोधा और राष्ट्रचेतना का प्रखर संवाहक बताया. उन्होंने कहा कि साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से भारतेंदु ने हिंदी को नई दिशा दी और लोगों में राष्ट्रीय भावना जगाने का काम किया. उनके मुताबिक, भारतेंदु की रचनाएं आज भी भाषा, संस्कृति और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत करती हैं.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतेंदु को आधुनिक हिंदी साहित्य का पितामह बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा ने हिंदी को ऐसी प्रतिष्ठा दिलाई कि एक पूरा साहित्यिक युग ही उनके नाम से जाना जाने लगा. वहीं, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भारतेंदु की प्रसिद्ध पंक्ति ‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी भाषा का ज्ञान किसी भी समाज की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें: विद्या सिर्फ ज्ञान नहीं, जीवन को बेहतर बनाने का जरिया भी है: पीएम मोदी ने साझा किया सुभाषित
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी भारतेंदु हरिश्चंद्र को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए उन्हें नमन किया. उन्होंने कहा कि उनकी कालजयी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरणा देती रहेंगी. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने भी भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और हिंदी भाषा तथा भारतीय संस्कृति के लिए उनके योगदान को याद किया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




