Bharat Express DD Free Dish

राज्यपाल के मुस्कुराने से लेकर तेजस्वी के व्हीलचेयर पर पहुंचने तक, जानिए बिहार विधानसभा बजट सत्र की मुख्य हाइलाइट्स

Bihar Assembly 2026: बिहार विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत हुई, तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर पहुंचे और युवाओं की आवाज़ वाली मैथिली ठाकुर ने खींचा ध्यान. सत्र में NEET छात्रा रेप-मौत केस को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया. पढ़ें पूरी खबर…

Bihar Assembly Budget Session 2026 Highlights: बिहार विधानसभा में सोमवार से बजट सत्र की शुरुआत हो चुकी है. जिसकी शुरुआत राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण से हुई. राज्यपाल ने नीतीश सरकार की उपलब्धियां को सदन के पटल पर रखा. इस बीच लॉ एंड ऑर्डर पर बात करते समय राज्यपाल मुस्कुराए तो नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव भी हंसी न रोक सके. वहीं इस दौरान सबसे ज्यादा हैरान करने वाली तस्वीर तेजस्वी यादव को लेकर रही. दरअसल, अंगूठे में चोट के चलते वह व्हीलचेयर से ही विधानसभा पहुंचे.

तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर क्यों पहुंचे?

सत्र में सबसे ज्यादा ध्यान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खींचा. वे व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे. यह दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए कि आखिर तेजस्वी के साथ ऐसा क्या हुआ जो उन्हें व्हीलचेयर पर आना पड़ा. सदन में प्रवेश से पहले तेजस्वी ने कहा कि वे पहले की तरह ही सक्रिय है. यह उनकी स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ा मामला है. बता दें कि रविवार को RJD की तरफ से ये जानकारी दी गई थी कि तेजस्वी के पैर का नाखून उखड़ गया है. इसी वजह से वह व्हीलचेयर पर नजर आ रहे हैं

सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर की एंट्री

अलीनगर से पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर ने भी ध्यान खींचा. बता दें कि वह बिहार की सबसे युवा विधायक हैं. भारत एक्सप्रेस से स्पेशल बातचीत में उन्होंने कहा कि वे पहली बार विधानसभा कार्यवाही देखने जा रही हैं. वह अपने क्षेत्र के मुद्दों को सदन में उठाएंगी साथ ही युवाओं के कई मुद्दों की तो लिस्ट लेकर आई हैं.

यह भी पढ़ें: ‘कुछ तो गड़बड़ है…’, अजित पवार के प्लेन क्रैश पर क्या बोल गए संजय राउत?

NEET छात्रा रेप-मौत केस पर विपक्ष का हंगामा

सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष ने NEET छात्रा रेप-मौत केस को लेकर प्रदर्शन किया. कांग्रेस विधायक कमरूल होदा पोस्टर लेकर परिसर में नारे लगाते दिखे. तो वहीं राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने दोषियों को फांसी देने की मांग की. इस मामले पर कटाक्ष करते हुए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि केस CBI को सौंप दिया गया है, आरोपियों को किसी भी हालात में बख्शा नहीं जाएगा.

सदन में हुई तीखी नोकझोंक 

बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान अख्तरुल ईमान ने कहा कि ‘हमें अपने धर्म का सम्मान करना चाहिए. मैंने अजान की आवाज कम करने की बात कही, मस्जिद से लाउस्पीकर उतारने वाले अब मंदिर और गिरिजाघर के लिए ये बात कहकर दिखाएं’.

वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि ‘विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है. जब CBI को जांच दे दी गई है तो क्यों हल्ला कर रहे हैं’.

लेफ्ट के विधायक संदीप सौरभ NEET स्टूडेंट के सपोर्ट में पोस्टर लेकर पहुंचे. इस मामले में सत्तापक्ष पर आरोप आरोप लगाते हुए बोले कि ‘पीड़ित परिवार पर दबाव बना रही है. हमें CBI जांच पर कोई भरोसा नहीं है और इस केस को सुप्रीम कोर्ट ले जाना चाचिए’.

जबकि बजट को लेकर विपक्षी दल के सदस्य भाई वीरेंद्र ने कहा कि ‘केंद्र सरकार ने झुनझुना थमा दिया है. बिहार को बजट में कुछ नहीं मिला. इन लोगों की अब कहीं सुनवाई नहीं है’.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest