Bharat Express DD Free Dish

Bihar Elections 2025: RJD के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी सपा? तेजस्वी संग बैठक के बाद बढ़ी चर्चा

सपा बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी? अफजाल अंसारी ने पटना में तेजस्वी यादव से मुलाकात की. महागठबंधन में शामिल होने की अटकलें. RJD कार्यालय में हुई बंद कमरे में चर्चा.

TEJASHWI YADAV AND AKHILESH YADAV

Bihar Elections: बिहार में 2025 के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. इससे पहले महागठबंधन का दायरा बढ़ने की संभावना है. चर्चा है कि समाजवादी पार्टी (SP) महागठबंधन के हिस्से के रूप में बिहार विधानसभा (Bihar Elections) चुनाव लड़ सकती है. यह अटकलें तब तेज हुईं, जब सपा सांसद अफजाल अंसारी ने सोमवार को पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की.

जानकारी के अनुसार, गाजीपुर से सांसद और बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश कार्यालय पहुंचे. वहां उन्होंने तेजस्वी यादव के साथ बंद कमरे में लंबी बातचीत की. हालांकि, इस मुलाकात का सटीक उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की.

क्या सपा उतरेगी बिहार चुनाव में?

अफजाल अंसारी जब RJD कार्यालय पहुंचे, तब तेजस्वी यादव भी वहां मौजूद थे. इस मुलाकात में RJD के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल थे. मुलाकात के बाद अफजाल अंसारी ने मीडिया से बात की, लेकिन उन्होंने अपने पटना दौरे के कारणों पर खुलकर कुछ नहीं कहा. फिर भी, उनके RJD कार्यालय पहुंचने से सियासी हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि सपा बिहार विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने की तैयारी कर रही है.

अफजाल अंसारी ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा पर दिए बयान और करणी सेना के विरोध पर भी संक्षेप में अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, “समय आएगा, तब सवेरा होगा.”

बिहार में नवंबर 2025 तक होंगे चुनाव

बिहार विधानसभा का कार्यकाल नवंबर 2025 में समाप्त हो रहा है. इससे पहले चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है. चुनाव नजदीक होने के कारण सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. बिहार में महागठबंधन में RJD, कांग्रेस और वामपंथी दल शामिल हैं. वहीं, सत्तारूढ़ NDA गठबंधन में बीजेपी, जनता दल यूनाइटेड (JDU), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा एकजुट हैं. सपा के महागठबंधन में शामिल होने की संभावना बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला सकती है.

ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अप्रैल 2025 को सुरक्षा, राजनीति, अर्थव्यवस्था और शासन से जुड़े चार उच्चस्तरीय कैबिनेट बैठकों की करेंगे अध्यक्षता

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read