Bharat Express DD Free Dish

आम के बहाने ‘जाम’ का इंतजाम: बिहार में तस्करी का गजब जुगाड़; काजू-छोहड़ा बेचने वालों का नया खेल

नवादा के गोविंदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आम के कैरेट में छिपाई गई 240 कैन विदेशी बियर बरामद की है. मामले में वैशाली के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले काजू-छोहड़ा बेचने की फेरी लगाते थे और अब झारखंड से बिहार शराब की तस्करी कर रहे थे.

Bihar, Smuggling

Bihar News: बिहार में शराबबंदी के बीच तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए रोज़ नए-नए जुगाड़ ढूंढ रहे हैं. इस बार का मामला तो और भी मजेदार और हैरान करने वाला है. नवादा के गोविंदपुर में आम के कारोबार की आड़ में विदेशी शराब की तस्करी का एक बड़ा खेल चल रहा था, जिसका पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 120 लीटर विदेशी शराब (बियर) बरामद की है और साथ ही दो शातिर तस्करों को भी दबोच लिया है.

काजू-छोहड़ा बेचते-बेचते बन गए शराब तस्कर

पकड़े गए दोनों आरोपी मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले हैं. ये दोनों गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव में एक किराए का कमरा लेकर रह रहे थे ताकि किसी को शक न हो. पुलिस के मुताबिक, ये दोनों पहले गांवों और कस्बों में घूम-घूमकर काजू और छोहड़े बेचने की फेरी लगाया करते थे. लेकिन कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के चक्कर में दोनों ने शॉर्टकट अपनाया और आम के धंधे की आड़ में झारखंड से बिहार शराब सप्लाई करने का काला कारोबार शुरू कर दिया.

लूना पर लदे आम के कैरेट से खुली पोल

गोविंदपुर के थानाध्यक्ष विजय कुमार को सोमवार की सुबह एक पुख्ता जानकारी मिली कि दो लड़के लूना मोटरसाइकिल पर आम के कैरेट लादकर आ रहे हैं, लेकिन उन कैरेटों के भीतर आम नहीं बल्कि शराब छिपी है, जिसे झारखंड से बिहार ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने फुर्ती दिखाई और थाने के ठीक सामने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया.

जैसे ही वह संदिग्ध लूना मोटरसाइकिल वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया. जब ऊपर से दिख रहे आम के कैरेटों को हटाकर अंदर तलाशी ली गई, तो पुलिस वाले भी चौंक गए. कैरेट के भीतर 500 मिलीलीटर वाली विदेशी बियर की पूरे 240 कैन (डिब्बे) करीने से छिपाकर रखे गए थे. कुल मिलाकर यह 120 लीटर बियर थी.

ये भी पढ़ें- सात फेरों का खूनी अंत! पहले छत से फेंका, फिर नसों में भरा टॉयलेट क्लीनर; जानें हैवान बनी पत्नी की कहानी

पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने बियर की खेप को जब्त करने के साथ ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी लूना बाइक भी थाने ले आई है. फिलहाल दोनों तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से इस पूरे गिरोह और शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का भी पर्दाफाश होगा. पुलिस अब इस धंधे में शामिल बाकी लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read