Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

एशिया के सबसे प्रभावी नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी दूसरे नंबर पर, लोवी इंस्टिट्यूट ने जारी की लिस्ट

भारत ने पूरी धमक के साथ एशिया में अपना इकबाल बुलंद किया है. हम इस महाद्वीप के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में पहचाने गए हैं. वहीं हमारे देश की कमान संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टिट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स फेहरिस्त में खास जगह दी है.

एशिया में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है और अब एक नई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट ने भी इस बात पर मुहर लगा दी है. ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट में भारत को महाद्वीप का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता का स्थान मिला है. इस सूची में उनसे आगे केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं.

भारत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी अहम है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में देश ने कूटनीति, रक्षा सहयोग और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मोर्चे पर अपनी पकड़ मजबूत की है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अब एशिया में अपनी भूमिका पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली तरीके से निभा रहा है.

भारत और चीन के बीच घटा ताकत का अंतर

लोवी इंस्टीट्यूट की इस रिपोर्ट में भारत को 100 में से 40.5 अंक मिले हैं. पिछले साल के मुकाबले यह 0.5 अंक की बढ़ोतरी है. खास बात यह है कि 2018 में एशिया पावर इंडेक्स की शुरुआत के बाद पहली बार भारत और चीन के बीच समग्र शक्ति का अंतर इतना कम हुआ है.

इस सूची में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत ने 40.5 अंकों के साथ तीसरी जगह हासिल की है. वहीं जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है.

रिपोर्ट में भारत को ‘मेजर पावर’ यानी प्रमुख शक्ति का दर्जा दिया गया है. यह इस बात का संकेत है कि एशिया की राजनीति और रणनीतिक मामलों में भारत की अहमियत लगातार बढ़ रही है.

पीएम मोदी की रैंकिंग में तीन पायदान का सुधार

इस रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को लेकर भी सकारात्मक आकलन किया गया है. क्षेत्रीय प्रभाव और नेतृत्व के मामले में उनकी रैंकिंग में तीन स्थानों का सुधार हुआ है. अब उन्हें शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता माना गया है.

लोवी इंस्टीट्यूट में दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक और एशिया पावर इंडेक्स के प्रोजेक्ट लीड डॉ. हंटर मार्स्टन ने भी भारत की बढ़ती ताकत पर टिप्पणी की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत का प्रभाव बढ़ा है और उसका स्कोर 40.5 तक पहुंच गया है. उन्होंने यह भी बताया कि आर्थिक क्षमता में कुछ गिरावट के बावजूद भारत की स्थिति मजबूत हुई है और पीएम मोदी को दूसरा सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता माना गया है.

कूटनीति और रक्षा सहयोग बना भारत की बड़ी ताकत

रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में उसका राजनयिक प्रभाव शामिल है. इस श्रेणी में देश को 70.3 अंक मिले हैं. इसके अलावा रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और क्षेत्रीय देशों के साथ बेहतर रिश्तों ने भी भारत की स्थिति को मजबूती दी है.

रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत ने दो स्थानों की छलांग लगाई है और अब वह नौवें नंबर पर पहुंच गया है. दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ बढ़ता सैन्य सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को इस सुधार की प्रमुख वजह माना गया है.

आर्थिक संबंधों के मामले में भी भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है. इस श्रेणी में देश की रैंकिंग दो स्थान सुधरकर सातवें नंबर पर पहुंच गई है. क्षेत्रीय व्यापार और निवेश से जुड़े रिश्तों में स्थिरता का इसमें अहम योगदान रहा है.

भविष्य की संभावनाओं में भारत तीसरे नंबर पर

भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का प्रदर्शन खास तौर पर बेहतर रहा है. इस श्रेणी में देश को 56.2 अंक मिले हैं और वह तीसरे स्थान पर है. आर्थिक विकास की संभावनाओं को लेकर बेहतर अनुमान ने भारत के स्कोर को ऊपर पहुंचाने में मदद की है.

हालांकि, आर्थिक मोर्चे पर तस्वीर पूरी तरह सकारात्मक नहीं है. रिपोर्ट में भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक रहने की बात कही गई है. इसके अलावा देश से बाहर होने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट का भी जिक्र किया गया है.

27 देशों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार हुई रिपोर्ट

2026 एशिया पावर इंडेक्स में कुल 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन किया गया है. इसके लिए 131 अलग-अलग संकेतकों और शक्ति से जुड़े आठ प्रमुख पैमानों को आधार बनाया गया. इनमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, मजबूती, राजनयिक प्रभाव और आर्थिक संबंध जैसे अहम पहलू शामिल हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism