Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण महा अभियान 2025 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम में रोपे बरगद, नीम और पीपल के पौधे, राम दरबार में किया दर्शन पूजन

अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी मां को समर्पित किया.

Plantation mega campaign 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अयोध्या में हनुमानगढ़ी और श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन पूजन करते हुए

Edited by Akansha

अयोध्या, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को रामपुर हलवारा में सरयू नदी के किनारे त्रिवेणी वाटिका में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बरगद, नीम और पीपल के पौधे रोपकर इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित किया. अयोध्या की पवित्र भूमि पर आयोजित एक जनसभा में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ इस अभियान की महत्ता पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है. इस दौरान 204 करोड़ पौधों का रोपण किया गया, जिनमें से 75 प्रतिशत पौधे जीवित हैं. इसके परिणामस्वरूप राज्य में 5 लाख एकड़ क्षेत्र में वनाच्छादन बढ़ा है.

सीएम योगी ने कहा कि हमने हीटवेव को ग्रीनवेव में बदला है. यह प्रयास न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहायक है, बल्कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है. उन्होंने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ों में भी जीवन है और ये छाया, फल, मृदा संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का बताया महत्व

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सीएम योगी ने धरती माता और जन्मदायिनी मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया. उन्होंने वैदिक उद्घोष ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सच्चा पुत्र वही है जो अपनी मां की सेवा और रक्षा करता है. इस अभियान के तहत प्रदेशवासियों ने सुबह 7 बजे से ही उत्साह के साथ पौधरोपण शुरू किया. योगी ने कहा कि यह अभियान वर्तमान को संवारने और भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है. पेड़ हमें प्रदूषण, सांस की बीमारियों और कार्बन उत्सर्जन के दुष्प्रभावों से बचाएंगे.

बताया जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैज्ञानिक दृष्टिकोण

मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को वैश्विक चुनौती बताते हुए कहा कि अतिवृष्टि, अनावृष्टि और बादल फटने जैसी घटनाएं अनियोजित विकास का परिणाम हैं. उन्होंने अमेरिका के टेक्सास में हाल ही में हुई एक घटना का जिक्र किया, जहां अचानक आई बाढ़ में सैकड़ों बच्चे लापता हो गए. सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि नियोजित और वैज्ञानिक प्रयासों से विकास और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन स्थापित किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि आठ साल पहले शुरू हुए इस अभियान में शुरुआत में केवल 5 करोड़ पौधे उपलब्ध थे, लेकिन वन विभाग, मनरेगा और निजी क्षेत्र के सहयोग से आज 52 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी मंदिर से की दौरे की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर से की. उन्होंने यहां विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की. यहां से निकल कर मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला के दर्शन किए. उन्होंने श्रीरामलला की आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की इसके साथ ही उन्होंने राम दरबार में भी दर्शन पूजन किये.

किसानों की आय में हुई वृद्धि और कार्बन क्रेडिट का मिल रहा लाभ

पौधरोपण अभियान ने न केवल पर्यावरण को लाभ पहुंचाया, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया है. सीएम योगी ने बताया कि कार्बन फाइनेंसिंग के माध्यम से किसानों को प्रति पेड़ 6 डॉलर पांच साल तक दिए जा रहे हैं. पिछले साल 25 हजार से अधिक किसानों को यह लाभ मिला और इस साल सात कमिश्नरियों के किसानों को 42 लाख रुपये कार्बन क्रेडिट के रूप में प्रदान किए जाएंगे. इस अवसर पर उन किसानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पौधरोपण और उनकी देखभाल में योगदान दिया.

अयोध्या का हुआ है कायाकल्प और सोलर सिटी का सपना हुआ साकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के बदलते स्वरूप पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्राचीन नगरी आज देश-दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है. उन्होंने कहा कि जो अयोध्या कभी वीरान थी, वह आज त्रेतायुगीन वैभव की ओर अग्रसर है. अयोध्या को देश की पहली सोलर सिटी बनाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मियावाकी पद्धति से वन विकास जैसे प्रयास इसे और समृद्ध कर रहे हैं. तिलोदकी नदी के पुनरोद्धार में योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया गया.

पीएम मोदी के विजन को साकार करने की जताई प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के विजन की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान ने उत्तर प्रदेश को हरित भविष्य की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने चूल्हा हटाकर गैस सिलेंडर, एलईडी लाइट्स और सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध जैसे कदमों को धरती माता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया. सीएम योगी ने कहा कि पिछले साल पीएम मोदी द्वारा श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस साल अयोध्या में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ विशेष महत्व रखता है.

प्रदेशव्यापी सहभागिता का किया आह्वान

इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों और प्रदेशवासियों की सक्रिय भागीदारी को सराहते हुए योगी ने कहा कि यह अभियान सायंकाल 7 बजे तक चलेगा. उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस महाअभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें. अयोध्या के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि मैं हमेशा अयोध्या के साथ हूं. यह अभियान अयोध्या को विश्व पटल पर और गौरव प्रदान करेगा.

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, डॉ अरुण कुमार, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायकगण वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, एमएलसी हरिओम पांडेय, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव पर्यावरण एवं वन अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital