DMRC ने जारी किया नया टाइम
Delhi Metro Diwali Timings: अगर आप 8 नवंबर, रविवार को दिल्ली मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले नया टाइमटेबल जरूर देख लें. दिवाली के अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं के संचालन समय में विशेष बदलाव किया है. त्योहार के मद्देनजर शाम और रात की सेवाओं का समय कम किया गया है, जबकि कुछ रूटों पर सुबह की शुरुआत सामान्य दिनों से पहले होगी. ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा का प्लान नए शेड्यूल के अनुसार बनाना होगा.
डीएमआरसी ने जारी किया विशेष नोटिफिकेशन
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि दिवाली के दिन यात्रियों की जरूरतों और शाम को होने वाले पर्व संबंधी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. DMRC के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि 8 नवंबर को मेट्रो सेवाओं के प्रारंभ और समापन समय में बदलाव रहेगा. सबसे बड़ा परिवर्तन यह है कि रात में चलने वाली अंतिम मेट्रो ट्रेनें सामान्य समय से एक घंटे पहले अपना संचालन समाप्त कर देंगी.
तीन प्रमुख लाइनों पर सुबह जल्दी मिलेगी मेट्रो
रविवार को आमतौर पर दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें अपने-अपने टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 7:00 बजे परिचालन शुरू करती हैं. हालांकि दिवाली के दिन यात्रियों की सुविधा के लिए पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर सेवाएं एक घंटा पहले शुरू करने का निर्णय लिया गया है. इसका मतलब है कि इन तीनों लाइनों पर पहली मेट्रो सुबह 6:00 बजे ही उपलब्ध होगी.
पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से शिव विहार और संबंधित रूटों पर ट्रेनें सुबह 6 बजे से चलेंगी. वहीं मजेंटा लाइन पर बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक के बीच यात्रियों को पहले समय से सेवा मिलेगी. इसके अलावा द्वारका कांकरोला से ढांसा बस स्टैंड तक चलने वाली ग्रे लाइन पर भी संचालन सुबह 6:00 बजे शुरू कर दिया जाएगा.
रात 10 बजे रवाना होगी आखिरी मेट्रो
दिवाली की शाम को ध्यान में रखते हुए DMRC ने रात की मेट्रो सेवाओं में भी बदलाव किया है. सामान्य परिस्थितियों में सभी टर्मिनल स्टेशनों से अंतिम मेट्रो ट्रेन रात 11:00 बजे तक चलती है, लेकिन 8 नवंबर को यह सुविधा केवल रात 10:00 बजे तक ही उपलब्ध रहेगी. यानी सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन एक घंटे पहले रवाना हो जाएगी.
ये भी पढ़ें-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘मिशन उत्तराखंड’ का किया आगाज, तीसरी बार भी भाजपा सरकार बनाने का दिया लक्ष्य
यात्रियों से योजना बनाकर सफर करने की अपील
डीएमआरसी के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस के मुख्य कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे दिवाली के दिन यात्रा करने से पहले बदले हुए शेड्यूल को ध्यान में रखें. उन्होंने कहा कि समय में हुए इस संशोधन के अनुसार सफर की योजना बनाना बेहतर रहेगा. किसी भी नई सूचना, अपडेट या विस्तृत टाइमटेबल के लिए यात्री DMRC की आधिकारिक वेबसाइट delhimetrorail.com और उसके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





