Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में सांसों पर पहरा, GRAP-4 लागू, आखिर कब कम होगा वायु प्रदूषण?

Delhi Air Pollution: दिल्ली और एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 441 तक पहुंच गया है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने प्रदूषण के बिगड़ते हालात को देखते हुए GRAP-4 लागू कर दिया है. निर्माण कार्य, BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल वाहनों पर रोक लगाई गई है.

Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने फिर से गंभीर स्थिति पैदा कर दी है. शनिवार शाम एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 441 दर्ज किया गया, जिसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने तुरंत ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज-4 लागू कर दिया. यह कदम प्रदूषण के लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए उठाया गया.

दो घंटे में AQI में तेज उछाल

CAQM की प्रेस अपडेट के मुताबिक, शनिवार शाम 4 बजे दिल्ली का AQI 431 था, जो सिर्फ दो घंटे में बढ़कर 441 तक पहुंच गया. आयोग ने बताया कि हवा की गति बेहद धीमी है, मौसम स्थिर है और प्रदूषकों के फैलाव की कमी के कारण प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है. इसी वजह से पूरे NCR में GRAP-4 के प्रावधान लागू किए गए हैं.

निर्माण कार्य और गाड़ियां बैन

GRAP-4 लागू होते ही राजधानी और आसपास के इलाकों में सख्त प्रतिबंध लगा दिए गए हैं. सभी तरह के निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है. स्टोन क्रशर और खनन से जुड़ी गतिविधियां भी बंद कर दी गई हैं. इसके अलावा दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चारपहिया वाहनों के चलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए कक्षा 5वीं तक के स्कूल अब हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन + ऑफलाइन) में चलेंगे.

एजेंसियों को अलर्ट

CAQM ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों और अन्य एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रदूषण रोकने के लिए निवारक कदमों को और तेज करें. GRAP-4 के साथ-साथ स्टेज-1, 2 और 3 के सभी प्रतिबंध भी लागू रहेंगे.

ये भी पढ़ें-CBSE Board Exam 2026: 10वीं बोर्ड परीक्षा का बदला पेपर पैटर्न, जानिए नए नियम

कब लागू होता है GRAP-4?

आधिकारिक मानक के अनुसार GRAP-4 तब लागू होता है जब AQI 450 से ऊपर जाता है लेकिन मौजूदा हालात और तेजी से बिगड़ते रुझान को देखते हुए आयोग ने एहतियातन इसे पहले ही लागू कर दिया है. GRAP-4 को ‘Severe+ Air Quality’ की श्रेणी में रखा जाता है, जो बेहद खतरनाक स्तर माना जाता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read