Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली‑NCR में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का ट्रिपल अटैक, जनजीवन बेहाल

Delhi Fog: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, दिल्ली‑NCR में विजिबिलिटी जीरो, 128 उड़ानें और 50 से अधिक ट्रेनें रद्द, प्रदूषण स्तर 400 पार, लोगों की मुश्किलें बढ़ीं.

Delhi Fog: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. दिल्ली-NCR की हालत सबसे खराब है. वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से राजधानी और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर छाई हुई है. हालात ऐसे हैं कि कई जगह विजिबिलिटी लगभग जीरो हो गई है. सड़क पर गाड़ियां रेंगते हुए चल रही हैं और ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है.

रेल और हवाई सेवाएं ठप

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले कुछ दिन तक ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिलेगी. इसका सीधा असर रेल और हवाई सेवाओं पर दिख रहा है. सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट से 128 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि आठ का रूट बदलना पड़ा. करीब 470 फ्लाइट्स घंटों की देरी से चलीं. रेलवे भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. 50 से ज्यादा ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और 100 से अधिक ट्रेनें घंटों लेट रहीं. यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

एयरलाइंस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

घने कोहरे को देखते हुए एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. एयर इंडिया ने कहा कि दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, दरभंगा, पटना, गुवाहाटी और बागडोगरा समेत कई शहरों में उड़ानों पर असर पड़ सकता है. इंडिगो ने भी चेतावनी दी कि देर रात से लेकर सुबह तक कोहरा बना रहेगा, जिससे कई एयरपोर्ट्स पर विजिबिलिटी कम हो सकती है. एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें.

जहरीली हवा ने बढ़ाई चिंता

कोहरे और धुंध के साथ दिल्ली की हवा भी जहरीली हो गई है. दिल्ली-NCR में AQI स्तर 400 के पार पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है. डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. मॉर्निंग वॉक से भी परहेज करने को कहा गया है.

ये भी पढ़ें-कंस मामा निकला हत्यारा! भांजे को बोटी-बोटी काटकर तालाब में फेंका, वजह जानकर कांप जाएगी रूह

येलो अलर्ट जारी

कुल मिलाकर दिल्ली-NCR के लोग ठंड, कोहरे और प्रदूषण के ट्रिपल अटैक से जूझ रहे हैं. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में कोहरे की स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई है. राजधानी में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है और लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read