नई दिल्ली: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के मौजपुर इलाके में एक प्ले स्कूल से बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूल में पढ़ने वाले सिर्फ तीन साल के बच्चे के साथ मारपीट की गई और उसे घंटों तक कुर्सी से बांधकर रखा गया. घटना से जुड़ा एक CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है.
बताया जा रहा है कि वीडियो में एक महिला बच्चे को छोटे से पीले रंग की प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठाकर फर्श पर पैरों से धकेलती दिखाई देती है. इसके बाद कोने में ले जाकर बच्चे को थप्पड़ मारते हुए भी देखा गया. परिवार का आरोप है कि बच्चे के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई है.
परिवार को पूरे मामले का पता तब चला, जब बच्चे ने घर आकर कान में दर्द होने की बात कही. माता-पिता ने उसके चेहरे और हाथों पर चोट के निशान भी देखे. इसके बाद वे तुरंत उसे डॉक्टर के पास लेकर गए.
परिवार के मुताबिक, डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि बच्चे के दोनों कानों के पर्दों में सूजन है और चोट के निशान शारीरिक मारपीट से होने की आशंका है. इसके बाद माता-पिता ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया और बच्चे के साथ किसी तरह की हिंसा होने की आशंका जताई.
हालांकि, बच्चे के पिता का आरोप है कि स्कूल ने शुरुआत में किसी भी तरह की मारपीट से इनकार कर दिया. इसके बाद परिवार ने कक्षा में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने की मांग की.
CCTV फुटेज के लिए मांगे 1,500 रुपये
बच्चे के पिता के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने CCTV फुटेज देखने के लिए लॉगिन और एक्सेस देने के बदले 1,500 रुपये मांगे. परिवार का दावा है कि रकम देने के बाद उन्हें फुटेज उपलब्ध कराई गई. बच्चे की मां ने 16, 17 और 18 अगस्त की रिकॉर्डिंग देखी. परिवार का कहना है कि फुटेज में बच्चे को एप्रन के सहारे कुर्सी से बांधा हुआ नजर आया. आरोप है कि एक शिक्षिका और केयरटेकर ने उसके साथ मारपीट की.
बच्चे के पिता ने मीडिया से कहा कि उनके बेटे को करीब तीन घंटे तक एप्रन से बांधकर रखा गया और इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. इस मामले में स्कूल की डायरेक्टर सुनीता बंसल, प्रिंसिपल नीलम और शिक्षिकाओं सिमरन व पूजा को आरोपी बनाया गया है. पुलिस के मुताबिक, एक केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी जाएंगे जेल? हल्द्वानी में SC-ST एक्ट समेत 3 खतरनाक धाराओं में केस दर्ज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

