Bharat Express DD Free Dish

Diwali 2025: भारत की इन जगहों पर दिवाली बनती है सबसे खास, दीयों की रौशनी और भक्ति का ऐसा संगम कि देखकर हो जाएंगे हैरान!

दिवाली 2025 में अगर आप रोशनी और भक्ति का सच्चा संगम देखना चाहते हैं, तो भारत के ये शहर जरूर जाएं अयोध्या के दीपोत्सव से लेकर वाराणसी की देव दीपावली और गोवा के अनोखे उत्सव तक, हर जगह का नज़ारा दिल जीत लेगा.

Diwali 2025: दिवाली वो त्योहार है जब पूरा देश एक साथ खुशियों में डूब जाता है. दीयों की चमक, मिठाइयों की खुशबू, और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे घर यही तो इस पर्व की असली पहचान है. हर गली-मोहल्ला, हर मंदिर, हर शहर अपने अंदाज में जगमगाता है. लेकिन भारत के कुछ शहर ऐसे हैं, जहां की दिवाली अपने आप में एक अलग अनुभव बन जाती है. आइए जानते हैं उन जगहों के बारे में, जहां दिवाली का जश्न देखना किसी सपने जैसा होता है.

अयोध्या

ayodhya diwali

भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में दिवाली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि श्रद्धा और भव्यता का संगम है. यहां दीपोत्सव के दौरान लाखों दीयों से सरयू नदी के घाट ऐसे जगमगाते हैं कि पूरा शहर मानो सोने से चमक उठता है. मंत्रों की ध्वनि, भक्ति संगीत और दीपों की लौ मिलकर ऐसा वातावरण बना देते हैं, जो हर किसी के दिल में भक्ति का दीप जला दे. शाम के वक्त जब पूरा अयोध्या शहर रोशनी से नहा जाता है, तो लगता है मानो भगवान राम सच में अयोध्या लौट आए हों.

वाराणसी

varanasi diwali

काशी की दिवाली देखने का मज़ा ही कुछ और है. यहां के घाटों पर जलते हजारों दीप जब गंगा के पानी में तैरते हैं, तो वो दृश्य किसी जादू से कम नहीं लगता. आरती के दौरान घंटियों की आवाज़ और दीपों की रौशनी पूरे वातावरण को भक्ति में डुबो देती है. दीवाली के कुछ दिन बाद मनाई जाने वाली देव दीपावली तो और भी खास होती है जब पूरा शहर सचमुच एक स्वर्ग जैसा दिखने लगता है.

गोवा

goa diwali

गोवा में दिवाली थोड़ी हटकर होती है. यहां इसे ‘नरकासुर वध’ के रूप में मनाया जाता है. लोग बड़े-बड़े राक्षस जैसे पुतले बनाते हैं और सुबह होते ही उन्हें जलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाते हैं. रात होते ही घर, बाजार और बीच रंगीन लाइटों से जगमगा उठते हैं. गोवा की दिवाली में भक्ति के साथ-साथ मस्ती का भी जबरदस्त तड़का होता है.

ये भी पढ़ें- Dhanteras 2025 Wishes: समृद्धि और खुशियों के पावन पर्व धनतेरस पर इन संदेशों से अपने परिवार और दोस्तों को दें शुभकामनाएं

दिल्ली

dilli diwali

दिवाली की शाम दिल्ली सच में ‘दिल वालों की’ लगती है. सड़कों से लेकर घरों तक, हर जगह लाइटों की जगमगाहट और पटाखों की गूंज रहती है. लाजपत नगर, करोल बाग, सरोजिनी नगर जैसे बाजारों में लोगों की भीड़ और रौनक इस त्यौहार को और भी यादगार बना देती है. राजधानी की गलियों में दिवाली की शाम घूमना अपने आप में एक अनुभव होता है.

मुंबई

mumbai diwali

सपनों के शहर मुंबई में दिवाली की रौनक कुछ अलग ही होती है. ऊंची-ऊंची इमारतों पर चमकती लाइटें और मरीन ड्राइव पर पटाखों की झिलमिलाती रोशनी जब समंदर में झलकती है, तो वो पल किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता. यहां की दीवाली हर दिल में खुशियों की चमक भर देती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read