Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

ED Arrests Manish Sisodia: सीबीआई के बाद अब ED ने मनीष सिसोदिया को किया गिरफ्तार, केजरीवाल बोले- कल छूट जाते इसलिए आज ईडी ने किया अरेस्ट

ED Arrests Manish Sisodia: मनीष सिसोदिया को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कल बेल पर सुनवाई है. कल मनीष छूट जाते तो आज ED ने गिरफ़्तार कर लिया

Delhi Liquor Scam

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (फोटो-PTI)

ED Arrests Manish Sisodia: दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं. गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 8 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया. सूत्रों के मुताबिक, सिसोदिया ने पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दिए, जिसके बाद जांच एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. वहीं सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर केंद्र पर निशाना साधा.

सीएम केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद किया ट्वीट

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “मनीष को पहले सीबीआई ने गिरफ़्तार किया, CBI को कोई सबूत नहीं मिला, रेड में कोई पैसा नहीं मिला, कल बेल पर सुनवाई है. कल मनीष छूट जाते तो आज ED ने गिरफ़्तार कर लिया. इनका एक ही मक़सद है – मनीष को हर हालत में अंदर रखना. रोज नये फर्जी मामले बनाकर. जनता देख रही है. जनता जवाब देगी.”

ये भी पढ़ें: केजरीवाल सरकार को मिले दो नए मंत्री, जानें आतिशी और सौरभ भारद्वाज को मिला कौन सा विभाग

भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई ने किया था गिरफ्तार

सूत्रों के मुताबिक, 51 वर्षीय सिसोदिया को धन शोधन निरोधक कानून (PMLA) के तहत तिहाड़ जेल में दूसरे दौर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया.  जांच एजेंसी ने आरोप लगाया कि सिसोदिया अपने जवाब में ‘टालमटोल’ कर रहे थे और ‘जांच में सहयोग नहीं’ कर रहे थे. दिल्ली में वर्ष 2021-22 के लिए बनाई गई और अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति को तैयार करने और इसे लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सीबीआई ने 26 फरवरी को मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. बता दें कि ईडी ने सिसोदिया से पहले दौर की पूछताछ सात मार्च को थी.

वहीं गिरफ्तारी के बाद सिसोदिया ने डिप्टी सीएम के पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके साथ ही सत्येंद्र जैन ने भी स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था. दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद गुरुवार को आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने नए मंत्रियों के तौर पर शपथ ली. आतिशी शिक्षा विभाग समेत 6 विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगी जबकि सौरभ भारद्वाज स्वास्थ्य समेत 7 विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital