Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

अपने बेटे की शादी के अवसर पर गौतम अदाणी ने लिया सेवा का संकल्प, दान किए 10,000 करोड़ रुपये

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के बेटे जीत अदाणी की शादी दिवा जैमिन शाह से हुई, जिसमें सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया. गौतम अदाणी ने इस मौके पर समाज सेवा के लिए 10,000 करोड़ रुपये दान किए.

Jeet Adani Wedding

गौतम अदाणी के बेटे जीत अदाणी की शादी को लेकर कई तरह की अटकलें थीं. कहा जा रहा था कि शादी में टेलर स्विफ्ट जैसी इंटरनेशनल हस्तियां और बॉलीवुड के बड़े सितारे शामिल होंगे. लेकिन ये सभी कयास गलत साबित हुए. 7 फरवरी 2025 को अहमदाबाद में एक साधारण और पारंपरिक समारोह में जीत अदाणी ने दिवा जैमिन शाह से शादी की. इस खास मौके पर सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त ही मौजूद रहे.

जब लोग जीत अदाणी की शादी को लेकर भव्य आयोजन की उम्मीद कर रहे थे, तभी गौतम अदाणी ने महाकुंभ मेले के दौरान इन अफवाहों पर विराम लगा दिया था. उन्होंने कहा था कि शादी पारंपरिक और सादगीपूर्ण होगी. उन्होंने अपना वादा निभाया और शादी को दिखावे से दूर रखा.

शादी के मौके पर लिया सेवा का संकल्प

गौतम अदाणी ने शादी को ‘सेवा का महाकुंभ’ बना दिया. शादी से दो दिन पहले उन्होंने “मंगल सेवा” योजना की घोषणा की. इस योजना के तहत हर साल 500 दिव्यांग नवविवाहित महिलाओं को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. जीत अदाणी ने खुद 21 दिव्यांग नवविवाहित जोड़ों से मुलाकात की और उन्हें आशीर्वाद दिया.

शादी के दिन गौतम अदाणी ने 10,000 करोड़ रुपये समाज सेवा के लिए दान किए. यह राशि स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में खर्च होगी. उनके मुताबिक, “सेवा साधना है, सेवा प्रार्थना है और सेवा ही परमात्मा है.” यह धनराशि अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, स्कूलों और ग्लोबल स्किल एकेडमी के विकास में लगाई जाएगी, ताकि समाज के हर वर्ग को लाभ मिल सके.

बहु नहीं, बेटी है दिवा

गौतम अदाणी ने अपनी बहू दिवा को बेटी का दर्जा देकर एक मिसाल कायम की. उन्होंने X पर लिखा – “परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा ने आज शादी के पवित्र बंधन में प्रवेश किया. यह विवाह अहमदाबाद में अपनों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. यह एक छोटा और निजी समारोह था, इसलिए हम सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके. इसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं. मैं आप सभी से बेटी दिवा और जीत के लिए स्नेह और आशीर्वाद की कामना करता हूं.”

जीत अदाणी इस समय अदाणी एयरपोर्ट्स के निदेशक हैं. वह छह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का प्रबंधन देख रहे हैं और नवी मुंबई में बन रहे सातवें हवाई अड्डे की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है.


ये भी पढ़ें- शादी के बंधन में बंधे गौतम अदाणी के बेटे जीत अदाणी, पारंपरिक अंदाज में निभाई गईं भव्य रस्में


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital