Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया ‘गरीब कल्याण महाअभियान’ का शुभारंभ, बोले- भाजपा राज में मध्य प्रदेश बीमारू से विकसित राज्‍य बना

Amit Shah in Madhya Pradesh: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में “गरीब कल्याण महाअभियान” का शुभारंभ किया. इस दौरान शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं. उन्‍होंने कहा कि 20 वर्षों में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से “विकसित प्रदेश” बना है.

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज भोपाल आए.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Amit Shah Bhopal Visit Today: आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भोपाल में “गरीब कल्याण महाअभियान” का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार का वर्ष 2003 से 2023 तक का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार द्वारा हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनता की जिंदगी बदलने का सपना और संकल्प पूरा किया है.

अमित शाह ने भोपाल में कहा, ”2003 से पहले मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तो प्रदेश बीमारू राज्यों में गिना जाता था. हॉलिस्टिक एप्रोच के साथ एक बीमारू राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों में 20 साल में पहुंचाने का प्रयास भाजपा सरकार ने किया है. आज मध्यप्रदेश विकसित राज्यों की अग्रणी पंक्ति में खड़ा है. प्रधानमंत्री मोदी ने देश के मध्यभाग, उत्तरी छोर और पूर्वी छोर में तेजी से विकास के काम किए हैं.”

‘कांग्रेस सरकार में मप्र को बीमारू राज्य का तमगा मिला था’

अमित शाह ने कहा, ”मध्यप्रदेश राज्य का गठन 1956 में हुआ था. विंध्य प्रदेश, भोपाल स्टेट और मध्यभारत में फिर प्रदेश का गठन हुआ. 53 वर्षों तक कांग्रेस का शासन था. आज जो लोग दावा कर रहे हैं उन्हें सबसे पहले 53 साल के विकास कार्य की रिपोर्ट रखनी चाहिए. 1980 के दशक में आशीष बोस ने राजीव गांधी को एक पेपर प्रस्तुत किया था, जिसमें बीमारू शब्द का जिक्र किया था. बीमारू राज्य का शब्द प्रयोग चार राज्यों के पहले अक्षरों से लिया गया था. जो कि मध्यप्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तरप्रदेश से लिया गया था. सभी सर्वेक्षणों ने भी इन राज्यों को भारत की ग्रोथ में बाधा को वर्णित किया गया था.

53 सालों तक इस प्रदेश में कांग्रेस का कुशासन रहा- शाह

अमित शाह ने कहा, ”आज जो लोग भाजपा सरकार में हुए विकास पर सवाल उठाते हैं उन्हें अपने 53 साल का हिसाब भी देना चाहिए. कांग्रेस की सरकार में मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य का तमगा मिला. 53 वर्षों के शासन काल में कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी. 2003 में श्रीमान बंटाधार की सरकार को हटाकर मध्य प्रदेश की जनता ने ऐतिहासिक निर्णय दिया. उसके बाद भाजपा ने मध्य प्रदेश को इस बीमारू शब्द से मुक्ति दिलाने का काम किया.

हमने रखी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नींव, 20 साल में विकसित राज्‍य बना
अमित शाह ने कहा, ”भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मध्यप्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है. हमारी सरकार के 20 वर्षों में मध्य प्रदेश “विकसित मध्य प्रदेश” बना है. आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की नींव डालने का काम 20 वर्षों में हुआ है. चाहे स्वास्थ्य का क्षेत्र हो, औद्योगिक विकास का क्षेत्र हो, कृषि विकास हो, युवाओं के लिए पढाई-लिखाई के सभी आयाम मध्य प्रदेश करने में ही उपलब्ध करने का काम हो, इस तरह हर दृष्टि से मध्य प्रदेश को इस 20 साल में आत्मनिर्भर बनाने का काम हुआ है.”

आज मैं 9 करोड़ जनता को भरोसा दिलाने आया हूँ- केंद्रीय गृहमंत्री
शाह ने कहा, ”मैं मध्य प्रदेश की 9 करोड़ जनता को भरोसा दिलाने आया हूँ कि आने वाल अमृत काल का समय मध्यप्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में रखने और संपूर्ण आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम काम करेंगे.” शाह ने आगे कहा कि कभी बंटाधार माना जाने वाला मध्यप्रदेश आज विकास की बुलंदियां छू रहा है. उन्‍होंने कहा, ”20 साल में बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाते हुए भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं. चाहे बुंदेलखंड, बघेलखंड, निमाड़, मालवा, ग्वालियर चम्बल, महाकौशल..भोपाल से लेकर प्रदेश की हर चौपाल तक खुशहाली और विकास को पहुँचाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है.”

‘पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश को दिल खोलकर दिया’
शाह ने कहा, ”जब 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनी तो प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश को दिल खोलकर दिया है और मध्य प्रदेश की जनता ने भी मोदी जी की हर पहल का जवाब झोलियाँ भर-भरकर और वोट देकर दिया है. कांग्रेस ने 2004 से 2014 तक 10 साल में मध्य प्रदेश को सिर्फ 1 लाख 98 हजार करोड़ रुपए दिए. मोदी सरकार ने सिर्फ 9 साल में 8 लाख 33 हजार करोड़ रुपए मध्य प्रदेश को देने का काम किया.”

‘अब सिर्फ 1 सीट की कमी, 2024 में यह कमी भी जनता दूर करेगी’
शाह बोले- ”2014 में लोकसभा की 29 में से 27 सीटें, 2019 में 29 में 28 सीटें भाजपा को मिली. अब मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि एक सीट की कमी है, 2024 में यह कमी भी मध्य प्रदेश की जनता पूरी कर देगी, मुझे पूरा विश्वास है.” उन्होंने कहा कि मैं भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए मध्य प्रदेश की साढ़े 9 करोड़ जनता का आभार प्रकट करता हूँ.

‘1 करोड़ 36 लाख लोग प्रदेश में गरीबी रेखा से ऊपर आए’
शाह ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 10 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं. अकेले मध्‍य प्रदेश में 1 करोड़ 36 लाख लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं. आजादी के बाद ऐसा समय कभी नहीं आया कि एक दस साल के समय में आबादी के 10% लोग गरीबी रेखा के ऊपर आए हो और इसीलिए मोदी जी को गरीब कल्याण का पुरोधा मानते हैं. मैं फिर कहता हूं कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार ने शिवराज के नेतृत्व में ढेर सारे परिवर्तन किए हैं.

कमलनाथ और दिग्विजय से मांगा इन चीजों का हिसाब
शाह ने कांग्रेसी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ”श्रीमान बंटाधार और कमलनाथ इन चीजों का स्पेसिफिक जवाब दें कि 2002 में आपने बजट का कुल आकार 23 हजार 100 करोड़ पर छोड़ा था, हमने इसे 3 लाख 14 हजार करोड़ पर पहुंचाया है. कमलनाथ जवाब दीजिए और अपने 50 सालों का रिपोर्ट कार्ड लेकर आइए. हमने प्रदेश की शिक्षा का बजट 2456 करोड़ से 38 हजार करोड़ पर पहुंचाया है. भाजपा सरकारों ने इसे पहचाना. स्वास्थ्य का बजट 580 करोड़ था, आज 16 हजार करोड़ है. सर्व शिक्षा अभियान का बजट 844 करोड़ से 7 हजार करोड़ क्रॉस किया. एससी, एसटी और ओबीसी का बजट बंटाधार जब छोड़कर गए, तब 1 हजार 56 करोड़ खर्च करते है. 64 हजार 390 करोड़ तक इसे पहुंचाया है. यहां 11,700 से 1 लाख 40 हजार तक प्रति व्यक्ति आय पहुंचाना, ये सारे पैमाने को रिकॉर्ड तोड़ने वाला विकास है.

‘विकास दर साढ़े 6 गुना बढ़ी, 8 गुना से ज्यादा सड़कें बनी’
शाह ने कहा, ”एमएसएमई जो रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, उद्योगों में उस समय रजिस्ट्रेशन सालाना 4 हजार 297 हुआ करता था, आज 3 लाख 61 हजार 545 रजिस्ट्रेशन लोगों का सालाना होता है. पहले जो सड़क थी, गड्ढे में सड़क थी, कि सड़क में गड्ढे में थे. इसकी जगह अब पांच लाख 10 हजार किमी सड़कें यहां बनाई गई हैं. आठ गुना से ज्यादा सड़कें बनी हैं. विकास दर साढ़े छह गुना बढ़ी है.”

‘कांग्रेस में हिम्‍मत है तो 50 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आए’
उन्होंने कहा, ”पीएम मोदी और शिवराज की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को यहां तक पहुंचाया है.” उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि ये एमएसपी की बात करते हैं..कमलनाथ जी मैं बताना चाहता हूं, जब बंटाधार जी छोड़कर गए थे तब गेहूं की एमएसपी 4 लाख 38 हजार टन थी. आज 70 लाख 96 हजार मैट्रिक टन पर पहुंच गई है. आईआईटी की संख्या आज 1014 है. पर्यटकों की संख्या 64 लाख थी अब 9 करोड़ को पार कर गई है. मैं कांग्रेस के नेताओं का अव्हान करना चाहता हूं. आप एमपी की जनता को गुमराह करना बंद कीजिए और 50 सालों का रिपोर्ट कार्ड लेकर आइए. कांग्रेस ने क्या दिया एमपी को. आंकड़े लेकर एमपी की जनता के सामने आइए. आप नहीं आएंगे, इसलिए मैं आपके सामने आया हूं. कांग्रेस के पास अगर हिम्मत है अपने 50 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आए.

‘जहां-जहां हमारी सरकार है, वहां हम हिसाब लेकर जाते हैं’
शाह ने कहा, ”हमने राजनीति के अंदर जवाबदेही की परंपरा खड़ी की है. जहां-जहां हमारी सरकार है, वहां हम हिसाब लेकर जाते हैं. फसल बीमा में 25 हजार करोड़ रुपए का फायदा हुआ है, जल जीवन मिशन, 8.2 करोड़ घर और 60 लाख नल कनेक्शन दिए. आयुष्मान भारत योजना में 3.6 करोड़ लाभार्थी हैं, जिसमें से 30 लाख लाभार्थियों ने अपना ऑपरेशन करवा चुके हैं. 80 लाख शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लगभग 44 लाख गरीब परिवारों को मिला पक्का घर, प्रदेश के 5.30 करोड़ लोगों को नियमित रूप से मिल रहा निःशुल्क खाद्यान्न.

15 माह की सरकार में कांग्रेस ने क्या किया था?
शाह ने कहा, ”मध्यप्रदेश की उपलब्धियों को देखें तो प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है. सड़कें बनी हैं. सिंचाई क्षमताकरोड़ों गरीब किसानों के लिए लाभ है. 46 लाख बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला है. उज्जैन में महाकाल महालोक बना है. भोपाल इंदौर में मेट्रो रेल शुरू हो रही है. मेडिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में शुरू की है. पैसा कानून बनाया है. हमने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक बनाए हैं. अमृत सरोवर के निर्माण किए गए हैं. 15 माह की सरकार में कांग्रेस ने क्या किया? इसका बंटाधार और कमलनाथ को जवाब देना चाहिए.”

‘कांग्रेस को जब-जब शासन मिला, घोटाले के अलावा कुछ नहीं किया’
शाह ने कहा, ”कांग्रेसी नेता जवाब दें, जब-जब आपको शासन मिला…क्‍यों आपने घोटाले के अलावा कुछ नहीं किया. आपने बोफोर्स घोटाला, 2G स्पेक्ट्रम घोटाला, सत्यम घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम घोटाला, कोयलाघोटाला, चॉपर घोटाला, टेट्रा ट्रक घोटाला किया, वोट के बदले नोट घोटाला, आदर्श हाउसिंग घोटाला, नेशनल हेराल्ड घोटाला, डीएलएफ घोटाला, खाद्य सुरक्षा बिल घोटाला, गाजियाबाद प्रोविडेंट फंड घोटाला, हर्षद मेहता का शेयर बाजार का घोटाला किया, आईपीएल का घोटाला किया, एलआईसी हाउसिंग का घोटाला किया, पावर प्लांट सबमरीन घोटाला, और बॉक्स विजन इक्विटी का घोटाला किया.” शाह ने कहा, ”आपको इन घोटालों के बारे में मध्यप्रदेश और देश की जनता को जवाब देना चाहिए.

कमलनाथ की सरकार करप्शननाथ की सरकार बन गई थी
शाह ने कहा कि, कमलनाथ जी की सरकार को सोशल मीडिया वाले करप्शननाथ की सरकार कहने लगे ऐसे इन्होंने ऐसा काम किया था. उन्होंने कहा कि इस्तीफे के 15 महीने पहले कभी कोई मुख्यमंत्री साइन नहीं करता, 63 हजार करोड़ के मोबाइल घोटाले पर साइन हुआ. 350 करोड़ का मोजर बेयर घोटाला हुआ,24 करोड़ का अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले से जुड़े हुए हैं. 600 करोड़ की इफको घोटाले से जुड़े हुए हैं. 25 हजार करोड़ के कर्ज माफी में भी घपले हुए हैं. 1178 किलो बोनस में भी वादे को भी नहीं निभाया गया.बैगा, भारिया और सहरिया समुदाय की महिलाओं को आहार अनुदान योजना जो शुरू की गई थी. उसको भी इन्होंने बंद कर दिया और 800 से भी ज्यादा अधिकारियों को ट्रांसफर करके फिर से मध्य प्रदेश में ट्रांसफर इंडस्ट्री बड़े पैमाने पर लगाने का काम कमलनाथ सरकार ने किया था. उन्होंने कहा कांग्रेस को अपने डेढ़ साल के कार्यकाल का जवाब मध्य प्रदेश की जनता को जरूर देना होगा.

कांग्रेस ने गरीब कल्याण के मूवमेंट को अपाहिज कर दिया
अमित शाह ने कहा- कांग्रेस ने गरीब कल्याण के पूरे मूवमेंट को लगड़ा और अपाहिज कर दिया। 600 करोड़ के इफ्को घोटाले में वे जुड़े हुए हैं। कांग्रेस और कमलनाथ ने 800 से ज्यादा ट्रांसफर कर के ट्रांसफर इंडस्ट्री लगाने का काम किया। कांग्रेस सरकार के दौरान 24 घोटाले हुए,कमलनाथ जी को 15 महीने की सरकार का जवाब जरूर देना चाहिए ? प्रदेश की जनता को तय करना है कि घोटाले की सूची में शामिल होना है या देश के नंबर वन के कार्यों की सूची में शामिल होना है। गरीब कल्याण के यज्ञ में जुड़ने के लिए जनता को आगे आना होगा।

अनेक देशों ने हमारी विकास गाथा का सम्मान किया
उन्होंने कहा कि आज 14 देशों ने सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी जी का सम्मान नहीं किया बल्कि हमारी विकासगाथा का सम्मान किया है। नरेन्द्र मोदी ने विकसित राज्य बनाने का बीड़ा उठाया है। कांग्रेस ने जब सत्ता पाई तब सिर्फ घोटाला किया। बोफ़ोर्स से लेकर फाक्सवेगन तक दो दर्जन से अधिक घोटले किये इसका जवाब श्रीमान बंटाधार और कमलनाथ जी को देना चाहिए। मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत कई क्षेत्रों में नंबर 1 पर पहुंच गया है। आप सब के माध्यम से मैं 9 करोड़ की आबादी से आपके आशीर्वाद की अपेक्षा करता हूं। यहां गांव कस्बे तक हमारा संगठन फैला है। ये भी आपके आशीर्वाद के बगैर संभव नहीं है।

यह भी पढ़ें: टमाटर की तरह प्याज की कीमतें बेकाबू न हों, इसके लिए मोदी सरकार ने उठाए ये खास कदम

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital