Independence Day 2025: देशभर में 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर पीएम मोदी लाल किले की प्रचार से देश को 12वीं बार संबोधित कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने ध्वजारोहण किया और इस दौरान लाल किले के ऊपर एक ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला. आकाश में भारतीय वायुसेना का Mi-17 हेलिकॉप्टर पुष्पवर्षा करते नजर आया.
लाल किले पर Mi-17 से पुष्पवर्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया. इससे पहले उन्होंने ध्वजारोहण किया और इस दौरान भारतीय वायुसेना के दो Mi-17 हेलीकॉप्टर आकाश में पुष्पवर्षा करते नजर आए. एक हेलीकॉप्टर ने तिरंगा लहराया, जबकि दूसरा ऑपरेशन सिंदूर का बैनर लिए फूलों की बारिश करता रहा. यह दृश्य देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया.
#WATCH भारतीय वायु सेना के दो Mi-17 हेलीकॉप्टर ने लाल किले के ऊपर से उड़ान भरते हुए पुष्पवर्षा की।
वीडियो: DD pic.twitter.com/YNxe6f5JH2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 15, 2025
वीरता और बलिदान का प्रतीक
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का झंडा उन वीर जवानों की बहादुरी और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा में अदम्य साहस दिखाया. आज इस अभियान के 100 दिन पूरे हुए, और इस खास मौके पर इसे देश की राजधानी के आसमान में लहराकर सम्मानित किया गया. जब झंडा हवा में लहराया, तो नीचे मौजूद हजारों लोग ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठे. लाल किले की प्राचीर और दिल्ली का आसमान इस पल का गवाह बना. यह नज़ारा न सिर्फ आंखों में चमक, बल्कि दिल में जोश भर गया.
तिरंगे में रंगे 140 करोड़ देशवासी
पीएम मोदी ने कहा कि आज 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हुए हैं. चाहे रेगिस्तान हो, हिमालय की चोटियां हों, समुद्र किनारे या भीड़भाड़ वाले इलाके—हर जगह मातृभूमि का जयगान गूंज रहा है. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को संकल्प और एकता का पर्व बताते हुए कहा कि संविधान देश का प्रकाश स्तंभ बनकर हमें राह दिखा रहा है.
प्राकृतिक आपदाओं और राहत कार्यों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने हाल ही में पहाड़ों में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं ताकि प्रभावित जनता को तुरंत सहायता मिल सके.
धारा 370 और ऑपरेशन सिंदूर
पीएम मोदी ने धारा 370 की दीवार गिराने के फैसले को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि बताया. उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया. उन्होंने वीर सैनिकों को सलाम करते हुए कहा कि सीमापार से आए आतंकियों ने निर्दोषों को धर्म पूछकर मारा, और यह घटना पूरे देश को आक्रोशित कर गई.
भारत की सुरक्षा को लेकर कड़ा संदेश
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत अब न्यूक्लियर धमकियों को सहने वाला नहीं है. उन्होंने देशवासियों से एकता और साहस का संदेश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संकल्प और देशभक्ति का पर्व है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


