Indore Kidnapping Case: शहर के पॉश इलाके पलासिया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेलते-खेलते दो मासूम बच्चे अचानक गायब हो गए. यह महज गुमशुदगी का मामला नहीं था, बल्कि इसके पीछे 15 लाख रुपये की फिरौती का एक खौफनाक जाल बुना गया था. हालांकि, इंदौर पुलिस की मुस्तैदी ने बदमाशों के इरादों पर पानी फेर दिया और महज कुछ घंटों के भीतर ही बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया.
क्या है पूरा मामला?
घटना पलासिया थाना क्षेत्र के तिरुपति गार्डन के पास की है. यहां रहने वाले 10 वर्षीय नैतिक और 11 वर्षीय सम्राट रोज की तरह घर के बाहर खेल रहे थे. जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों की जान हलक में अटक गई. परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला. घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.
मामले ने तब गंभीर मोड़ ले लिया जब बच्चों के दादा, पूनम चंद के मोबाइल पर एक अनजान महिला का वीडियो कॉल आया. कॉल उठाने पर सामने से बच्चों की जान की एवज में 15 लाख रुपये की डिमांड की गई. फिरौती की बात सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला और इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया. एक फुटेज में एक संदिग्ध युवती दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दी. तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस की कई टीमों ने घेराबंदी शुरू की. पुलिस का दबाव बढ़ता देख आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में थे.
ये भी पढे़ें- डोली से पहले उठी अर्थी: सनकी आशिक ने प्रेमिका पर चलाई गोली, फिर उसी बंदूक से खुद को उड़ाया
आधी रात को मिली कामयाबी
देर रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी जब लोकेशन ट्रैक करते हुए टीम ने राजेंद्र नगर इलाके में दबिश दी. यहां से दोनों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश भी की, जिसमें उन्हें मामूली चोटें आई हैं.
इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने कुल 4 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं. पकड़े गए आरोपियों में से एक महिला और पुरुष आपस में भाई-बहन हैं, जबकि बाकी दो आरोपी पति-पत्नी बताए जा रहे हैं.
शहर में चर्चा का विषय
इंदौर जैसे शहर में अपहरण की इस वारदात ने लोगों को डरा दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया. फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि क्या इस गैंग ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है. बच्चों के घर लौटते ही परिजनों के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



