Bharat Express DD Free Dish

ईद की खुशियां मातम में बदलीं: दिल्ली के जहांगीरपुरी में मामूली विवाद पर 26 वर्षीय अरबाज की चाकू मारकर हत्या

राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक अरबाज सुनार की दुकान पर काम करता था और अपने परिवार का इकलौता सहारा था. ईद की खुशियों के बीच हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Delhi, Jahangirpuri, Crime News

Crime News: राजधानी दिल्ली के नॉर्थ-वेस्ट जिले के जहांगीरपुरी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां ईद के पावन त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब महज एक मामूली कहासुनी के बाद 26 साल के एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक की है. इस वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है.

खुशियों के बीच अचानक गूंजी चीख-पुकार

चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, ईद की रात जहां पूरा परिवार और आस-पड़ोस त्योहार के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं सी-ब्लॉक में अचानक चीख-पुकार मच गई. मृतक की पहचान 26 वर्षीय अरबाज के रूप में हुई है, जो अपने घर के पास ही खड़ा था. इसी दौरान वहां कुछ लड़के आए और किसी बात को लेकर अरबाज से उनकी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि उन लड़कों ने आव देखा न ताव और अरबाज पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

खून से लथपथ अरबाज को आनन-फानन में नजदीकी बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सिगरेट मंगाने के विवाद में गई जान!

अरबाज की मौत की खबर मिलते ही हंसते-खेलते परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिवार का आरोप है कि यह पूरी वारदात महज एक मामूली बात से शुरू हुई थी. आरोपियों ने अरबाज से सिगरेट लाने को कहा था, और इसी बात से शुरू हुआ झगड़ा अरबाज की मौत की वजह बन गया.

बताया जा रहा है कि अरबाज जहांगीरपुरी इलाके में ही एक सुनार (ज्वेलर) की दुकान पर काम करता था. वह अपने परिवार का इकलौता और मुख्य सहारा था. ईद के मौके पर जिस घर में पकवान बन रहे थे और खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब सिर्फ आंसू और चीखें बची हैं.

तीन नाबालिग हिरासत में, जांच जारी

वारदात की सूचना मिलते ही जहांगीरपुरी थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर तुरंत एक्शन लिया. पुलिस ने स्थानीय इनपुट और मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है.

फिलहाल दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए इन नाबालिगों से पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी है. इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इस हत्याकांड में कुछ और लोग भी शामिल थे.

ये भी पढ़ें- ‘गलती हो गई, अब ऐसा नहीं होगा’, मेरठ में सीएम योगी पर टिप्पणी कर फंसा शख्स, लंगड़ाते हुए थाने से निकला

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके. ईद की रात हुई इस खौफनाक हत्या ने एक बार फिर समाज और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि इस तरह के संगीन अपराधों में अब नाबालिगों की संलिप्तता लगातार बढ़ती जा रही है, जो पूरे समाज के लिए एक बड़ा अलार्म है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read